शहर

राजस्थान का मौसम (20 May 2026) Rajasthan Weather Today: अगले 72 घंटे आसमान से बरसेगी आग, IMD ने हीटवेव की चेतावनी दी, 47 डिग्री तक पहुंचा पारा

Rajasthan Weather Today (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 20 May 2026: प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पारा 47 डिग्री तक पहुंच चुका है।

Image

राजस्थान में अगले 72 घंटे लू का प्रकोप

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 20 May 2026): राजस्थान में प्रचंड गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और लगातार चढ़ता ही जा रहा है। दिन के समय तेज धूप ऐसे लग रही है, जैसे आसमान से आग बरस रही हो। दोपहर के समय बाहर निकलने पर धूप जलाने को आतुर है। रात का तापमान भी बढ़ गया है, जिससे 'वॉर्म नाइट्स' की स्थिति बनी हुई है। राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान 40 से 47 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है।

72 घंटे का अलर्ट

भीषण गर्मी का प्रकोप पश्चिमी राजस्थान ही नहीं, पूर्वी और उत्तरी जिलों में भी देखने को मिल रहा है। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के जिलों में Heatwave का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। कल यानी मंगलवार 19 मई को सिर्फ सिरोही जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप नहीं रहा। अब IMD ने अगले तीन दिनों तक समूचे राजस्थान में प्रचंड गर्मी और हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 72 घंटे भीषण गर्मी से कोई राहत मिलने वाली नहीं है।

जयपुर में वॉर्म नाइट के हालात

गुलाबी नगरी नाम से मशहूर राज्य की राजधानी जयपुर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। यहां रात का न्यूनतम तापमान भी 31.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अचंभे की बात यह है कि जयपुर की रातें रेगिस्तानी जिलों बाड़मेर और जैसलमेर से भी ज्यादा गर्म हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह 'वार्म नाइट' की स्थिति है, जिसमें रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाती है।

16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार 20 मई के लिए दो जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। IMD का कहना है कि उत्तर-पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में अगले तीन-चार दिन तक तापमान इसी स्तर पर बना रह सकता है।

चित्तौड़गढ़ में तापमान पहुंचा 46.3 डिग्री सेल्सियस तक

मंगलवार 19 मई को चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 45.9, अलवर में 45.8, पिलानी में 45.3, चूरू और फलोदी में 44.8 तथा कोटा में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। इन सभी इलाकों में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों का बुरा हाल रहा।

झीलों के शहर में 41.7 डिग्री पहुंचा तापमान

राजधानी जयपुर में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी लू चली। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और आज भी कुछ ऐसे ही हालात हैं। उदयपुर के तापमान में मंगलवार को हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं का असर दिनभर बना रहा। झीलों की नगरी उदयपुर का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

शहरअधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)विशेष स्थिति / अलर्ट
चित्तौड़गढ़46.3°Cराज्य में सबसे गर्म
श्रीगंगानगर45.9°Cप्रचंड गर्मी
अलवर45.8°Cदोपहर में सन्नाटे जैसी स्थिति
पिलानी45.3°Cभीषण लू
चूरू44.8°Cहीटवेव का भारी असर
फलोदी44.8°Cगर्म हवाओं का प्रकोप
कोटा44.4°Cनगर निगम द्वारा पानी का छिड़काव
अजमेर41.8°C20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं
उदयपुर41.7°Cझीलों की नगरी में भी तेज धूप
जयपुरन्यूनतम 31.3°Cवॉर्म नाइट' (रातें बाड़मेर-जैसलमेर से भी गर्म)

अजमेर में 20-30 किमी की रफ्तार से चलेंगी गर्म हवाएं

अजमेर में गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम और फायर ब्रिगेड की ओर से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। यहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक अजमेर संभाग में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं।

जोधपुर में हीटवेव का अलर्ट

सीकर और पूरे शेखावाटी क्षेत्र में पिछले छह दिनों से प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल हैं। सीकर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि, जोधपुर में भी अगले तीन दिन के लिए मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

कोटा में मंगलवार को तापमान 44.4 डिग्री तक पहुंच गया। नगर निगम ने कई इलाकों में पानी का छिड़काव कराया। अलवर में भी तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने से लोग दिन में घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए।

हीटवेव के हालात में क्या करें

मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आपसे अनुरोध है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो दिन के समय घर से बाहर न निकलें। जरूरी होने पर टोपी, पगड़ी पहनकर और चेहरा ढककर ही बाहर निकलें, साथ में छाता और पानी की बोतल भी रखें। समय-समय पर पानी पी कर अपने को हाइड्रेट रखें। इस दौरान तला-भुना खाने की बजाय, खीरा, तरबूज, ककड़ी जैसे फलों का सेवन करें, जिनसे शरीर में तरावट बनी रहे। इन दिनों पसीना ज्यादा निकलता है, जिससे शरीर के मिनरल भी बाहर निकल जाते हैं, ऐसे में ओआरएस का सेवन करें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article