क्रिकेट

ICC भी हुआ वैभव सूर्यवंशी का फैन, 204 रनों की तूफानी पारी पर लिख दी ऐसी बात, शेयर किया स्पेशल पोस्ट

Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया है। उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और सबसे तेज दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया। इसके बाद ICC भी उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह सका।

Image

वैभव सूर्यवंशी की तारीफ ICC ने की (फोटो साभार- BCCI)

Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। दोहा में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ India A की ओर से खेलते हुए वैभव ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और सबसे तेज दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया। उनकी इस तूफानी पारी के बाद ICC भी उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह सका। ICC ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट से वैभव की पारी का वीडियो शेयर करते हुए ऐतिहासिक बताया।

ICC ने बताया ऐतिहासिक पारी

ICC ने अपने ट्वीट में लिखा, 'ऐतिहासिक... वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ तूफानी दोहरा शतक जड़कर 'लिस्ट A' रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।' गौरतलब है कि यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249/8 का स्कोर बनाया था। हरप्रीत सिंह ने 120 रन की शानदार पारी खेली, जबकि भारत की ओर से अर्शद खान ने 4/43 विकेट झटके। जवाब में भारत की शुरुआत ही धमाकेदार रही। वैभव सूर्यवंशी ने जाहिद अली के खिलाफ पहली दो गेंद डॉट खेलीं, फिर लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़ दिए। इसके बाद तो उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 8 छक्के और 9 चौके शामिल थे।

महज 28 गेंदों में पूरा किया शतक

इसके बाद वैभव ने महज 28 गेंद में शतक पूरा कर लिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंद में शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो उन्होंने 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से तस्मानिया के खिलाफ बनाया था। वैभव का बल्ला यहीं नहीं रुका। उन्होंने 40 गेंद में 150 रन पूरे करके लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 का रिकॉर्ड भी बना दिया। 12वें ओवर में उन्होंने लगातार चार छक्के जड़े, जिसमें उनका 24वां छक्का लिस्ट ए इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बन गया।

छक्के से पूरा किया दोहरा शतक

अगले ही ओवर में वैभव ने बासिल हमीद पर छक्का लगाकर अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने महज 52 गेंद में 200 रन पूरे किए। इससे पहले यह रिकॉर्ड 103 गेंद में दोहरा शतक लगाने वाले चैड बोवेस के नाम था, जो उन्होंने 2024 में कैंटरबरी की ओर से ओटागो के खिलाफ बनाया था।वैभव आखिर में 204 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक वह रिकॉर्ड बुक को पूरी तरह बदल चुके थे। भारत ने 14.3 ओवर में ही 7 विकेट से मैच जीत लिया। जबकि अभी भी भारतीय पारी में 214 गेंदें बाकी थीं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article