शहर

दिल्ली का मौसम (20 May 2026) Delhi Weather Today: दिल्ली बनी तंदूर! 46 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, 7 दिन तक लू का ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 20 May 2026: दिल्ली-एनसीआर में दिन-रात भयंकर गर्मी पड़ रही है। दिन में सूरज की तपिश के साथ ही गर्म हवाओं के थपेड़े परेशानी बढ़ा रहे हैं। अगले एक सप्ताह तक लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

Image

Delhi Weather

दिल्ली में आज का मौसम (20 May 2026): दिल्ली में भीषण गर्मी के साथ अब लू का प्रकोप भी शुरू हो गया है। मंगलवार को दिनभर लू के थपेड़े लगते रहे। मौसम विभाग ने इसे आधिकारिक दौर पर महीने का पहला लू वाला दिन घोषित किया। राजधानी में तापमान लगातार ऊपर चढ़ रहा है। आने वाले दिनों में भी यहां गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक दिल्ली में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन के साथ-साथ रात में भी भीषण गर्मी का कहर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान 46 डिग्री या उसके पार पहुंच सकता है।

दिल्ली में 20 मई को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज आसमान साफ रहेगा, दिनभर तेज धूप निकली रहेगी और सूरज की तपिश से भयंकर गर्मी का एहसास होगा। साथ ही आज लू चलने का ऑरेंज अलर्ट भी है। ऐसे में पूरे दिन गर्म हवाएं 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, कभी-कभी हवा की स्पीड 35 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। आज रात में भी लोगों को गर्मी परेशान करेगी। एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद जैसे शहरों में भी भीषण गर्मी का तांडव जारी है और लोगों को लू का सितम झेलना पड़ रहा है, आज भी यहां ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

दिल्ली में क्यों पड़ रही भीषण गर्मी

IMD के अनुसार, इस समय दिल्ली की ओर बलूचिस्तान और राजस्थान के थार मरुस्थल से गर्म हवाएं आ रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इन इलाकों के आसपास समुद्र या नदी जैसा कोई बड़ा जलस्रोत नहीं है, इसलिए यहां की हवा आमतौर पर बहुत सूखी और गर्म होती है। अगर ये हवाएं अरब सागर या बंगाल की खाड़ी की ओर से आतीं, तो उनमें नमी होती और मौसम कुछ ठंडक रहती है। लेकिन मरुस्थल से आने वाली ये गर्म और सूखी हवाएं देश के बड़े हिस्से में लू और तेज गर्मी को बढ़ा देती हैं।

दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन और रात

दिल्ली में मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन और सबसे गर्म रात दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नमी का स्तर 44 से 11 प्रतिशत दर्ज हुआ। बीते दिन राजधानी का सबसे गर्म इलाका रिज रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दिल्ली के अन्य हिस्सों में भी 45 से 46.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दिन का तापमान रिकॉर्ड हुआ।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article