Khairagarh Fridge Blast: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में फ्रिज में विस्फोट होने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई है। फ्रिज में हुए ब्लास्ट की जोरदार आवाज सुन ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि धमाके में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया। लेकिन किसान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खैरागढ़ में कहां हुआ फ्रिज में ब्लास्ट
खैरागढ़ के छुईखदान क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भोरमपुर में घर में रखे एक फ्रिज में अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 52 वर्षीय किसान श्रीराम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि किसान श्रीराम वर्मा रोज की तरह फ्रिज से सामान लेने के लिए गए थे। जैसे ही उन्होंने फ्रिज का दरवाजा खोला, फ्रिज में विस्फोट हो गया। बताया जा रहा है कि इस धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मौके पर ही किसान के दोनों पैर उखड़ गए। साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
धमाके की आवाज सुनते ही परिजन व गांव के लोग मौके पर पहुंचे और श्रीराम वर्मा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अत्यधिक रक्तस्राव और आंतरिक चोटों की वजह से किसान ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
