रायपुर

Palamu Gangrape: स्पेनिश महिला के बाद एक और गैंगरेप, छत्तीसगढ़ की मंच कलाकार के साथ सामूहिक दुष्कर्म

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 4, 2024, 05:02 PM IST

palamu Gangrape: झारखंड के पलामू जिले में छत्तीसगढ़ की 21 वर्षीय एक मंचीय कलाकार के साथ उसके सह-कलाकारों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया।

Image

पलामू गैंगरेप

palamu Gangrape: छत्तीसगढ़ की एक 21 वर्षीय एक मंचीय कलाकार के साथ झारखंड के पलामू में उसके सह-कलाकारों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। यह घटना दुमका जिले में एक विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर हुए सामूहिक बलात्कार के कुछ दिन बाद हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पलामू के रहने वाले तीन सह-कलाकारों ने मंचीय कलाकार को नशीला पदार्थ देकर कार में कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया। विश्रामपुर उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राकेश सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता को पलामू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी मेडिकल जांच की जाएगी।

बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार

यह घटना शनिवार देर रात राज्य की राजधानी रांची से लगभग 200 किलोमीटर दूर विश्रामपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क पर हुई।उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को वहीं बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। एसडीपीओ ने बताया कि महिला कलाकार छत्तीसगढ़ से पलामू जिले के विश्रामपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई थी। उन्होंने कहा कि किसी कारणवश वह कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका। इसलिए, वह अपने पुरुष सह-कलाकारों के साथ हुसैनाबाद में एक अन्य समारोह के लिए चली गईं। सिंह ने कहा कि हुसैनाबाद के रास्ते में आरोपियों ने कथित तौर पर महिला को कुछ नशीला पदार्थ खिलाया, जिसके बाद कार में पीड़िता के साथ दुष्कर्मियों ने बलात्कार किया। वे उसे बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़ कर भाग गए।

विदेशी पर्यटक से हुआ सामूहिक बलात्कार

उन्होंने बताया कि पुलिस को रविवार को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। इससे पहले, शुक्रवार की रात दुमका जिले में एक विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था, जहां वह अपने पति के साथ एक तंबू में ठहरी हुई थी। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी चार आरोपियों की तलाश जारी है।

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

End of Article