शहर

इस दिन कर सकते हैं राहुल गांधी रामलला के दर्शन! पिछली बार 2016 में गए थे अयोध्या

राम नगरी अयोध्या को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संभावित अयोध्या दौरे की अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि वह एक संसदीय समिति के साथ रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह पिछले 9 सालों में उनका पहला अयोध्या दौरा होगा।

Image

क्या राहुल गांधी अयोध्या जाएंगे? (फोटो: PTI)

Photo : PTI

Will Rahul Gandhi Visit Ayodhya: राम नगरी अयोध्या एक बार फिर देश की सियासत में अहम भूमिका निभा सकती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दोबारा अयोध्या दौरे की चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि वह रामलला के दर्शन के लिए आने वाली एक संसदीय समिति के साथ अयोध्या पहुंच सकते हैं।

अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय से जुड़ी 32 सदस्यीय संसदीय समिति 23 जनवरी को अयोध्या का दौरा करने वाली है। इस यात्रा के दौरान समिति के सदस्य रामलला के दर्शन करेंगे और साथ ही अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित कैंट इलाके का निरीक्षण भी करेंगे। इस संसदीय दल की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह कर रहे हैं, जबकि समिति के सदस्यों में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शामिल हैं।

2016 में अयोध्या गए थे राहुल गांधी

इसी वजह से राहुल गांधी के अयोध्या दौरे को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। इससे पहले राहुल गांधी 9 साल पहले यानी कि वर्ष 2016 में अयोध्या पहुंचे थे, जब उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन कर पूजा-अर्चना की थी और अखाड़ा परिषद के तत्कालीन अध्यक्ष महंत ज्ञानदास से आशीर्वाद प्राप्त किया था। यदि इस बार राहुल गांधी अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करते हैं, तो यह उनके पिछले दौरे से अलग होगा और राजनीतिक दृष्टि से भी एक अधिक स्पष्ट संकेत माना जाएगा।

पूर्व जिलाध्यक्ष ने क्या बताया?

इस विषय पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जो सभी धर्मों और परंपराओं के प्रति सम्मान रखते हैं। उनके अनुसार, अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना राहुल गांधी की निजी आस्था के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान को दर्शाएगा। वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने बताया कि फिलहाल उन्हें राहुल गांधी के अयोध्या आने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article