शहर

छत्तीसगढ़ में ISI कनेक्शन के शक में पंजाब का युवक गिरफ्तार, मोबाइल से मिले अहम सबूत

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चंपा जिले में पंजाब के एक 23 वर्षीय युवक को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को उसके मोबाइल से संदिग्ध चैट, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूत बरामद हुए हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में पुलिस ने पंजाब के एक 23 वर्षीय युवक को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े लोगों को संवेदनशील जानकारी शेयर करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले सेवक सिंह के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध जानकारियां सामने आईं हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

मोबाइल में मिले संदिग्ध चैट और कॉल रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, आरोपी छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चंपा जिले के अकलतारा कस्बे में मिनीमाता चौक के पास किराए के मकान में रह रहा था। किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को युवक पर संदेह हुआ। जिसके बाद उसकी जांच की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सबूत मिले हैं। इनसे पता चलता है कि वह पाकिस्तान स्थित ISI नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध लोगों के संपर्क में था।

सीमा पार हथियार सप्लाई से जुड़े सुराग मिलने का दावा

शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी ने संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों, वाहनों और अन्य अहम जानकारियों को विदेशी संपर्कों के साथ शेयर किया होगा। हालांकि पुलिस अभी इन जानकारियों की सत्यता और दायरे की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही उसके डिजिटल नेटवर्क, संपर्कों और संभावित सहयोगियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की जांच के दौरान सीमा पार से हथियारों की आपूर्ति से जुड़े कुछ संदिग्ध संवाद भी सामने आए हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!