शहर

पंजाब में बड़ा आतंकी खुलासा; ISI और खालिस्तान नेटवर्क से जुड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश, RPG लॉन्चर समेत भारी हथियार बरामद

पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की आईएसआई और खालिस्तान समर्थक नेटवर्क से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पटियाला और अमृतसर की संयुक्त कार्रवाई में तरनतारन से भारी मात्रा में RDX, IED, RPG लॉन्चर और आधुनिक हथियार बरामद किए गए।

Image

पंजाब में आतंकी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Punjab News: पंजाब पुलिस ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और खालिस्तान समर्थक तत्वों से जुड़े मॉड्यूल का खुलासा किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पंजाब में बड़े धमाकों और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी, जिसके लिए पाकिस्तान से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार भेजे गए थे।

पटियाला पुलिस और अमृतसर की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की कार्रवाई

27 अप्रैल 2026 को पटियाला जिले के शंभू इलाके में रेलवे ट्रैक पर IED ब्लास्ट की कोशिश के मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए पटियाला पुलिस और अमृतसर की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने संयुक्त कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान तरनतारन जिले के पंजवार खुर्द गांव से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस को यहां से 1 रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) लॉन्चर, 2.296 किलोग्राम वजन का 1 धातु का IED (डेटोनेटर और बैटरी सहित), 1.456 किलोग्राम वजन के RDX के 2 पैकेट, 1 हैंड ग्रेनेड, मैगजीन और गोला बारूद सहित 3 उच्च श्रेणी की पिस्तौलें और हेडफोन समेत 2 वायरलेस सेट बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में क्य सामने आया?

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इस आतंकी मॉड्यूल को मलेशिया में सक्रिय खालिस्तान समर्थक आतंकवादी संगठन का समर्थन हासिल था। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क को आर्थिक मदद भी मलेशिया के जरिए भेजी जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसियां अब इस मॉड्यूल के तार सिरहिंद रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले और मोगा की सीआईए यूनिट पर हुए ग्रेनेड हमले से जुड़े होने के एंगल पर भी गहराई से जांच कर रही हैं।

पटरियों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी

वहीं, पूर्वी समर्पित माल ढुलाई गलियारे को निशाना बनाकर पिछले तीन महीनों में किए गये दो विस्फोटों के मद्देनजर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बुधवार को कहा कि रेलवे प्रदेश में 24 घंटे गश्त तेज करेगा और पटरियों पर निगरानी बढ़ाएगा। बिट्टू ने शंभू और राजपुरा के बीच विस्फोट स्थल का दौरा किया एवं स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राज्य में बार-बार रेलवे बुनियादी ढांचे को निशाना बनाये जाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और आश्वासन दिया कि सुरक्षा और निगरानी को मजबूत करने के लिए सख्त एवं तत्काल उपाय किए जाएंगे। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित खालिस्तान समर्थक आतंकी मॉड्यूल (टोली) ने सोमवार देर रात पटियाला में शंभू के पास माल ढुलाई गलियारे पर विस्फोट किया। पंजाब पुलिस ने मंगलवार को बताया कि विस्फोटकों में धमाका करने की कोशिश में एक संदिग्ध की मौत हो गई, जबकि गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article