शहर

Punjab News: श्री अकाल तख्त के फैसलों पर CM मान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- 'वीडियो में दिखने वाला शख्स मैं नहीं...'

Bhagwant Mann Viral Video Statement: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त द्वारा उनके खिलाफ दिए गए फैसलों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। सीएम मान ने वायरल वीडियो को फर्जी बताया।

Image

Punjab News: श्री अकाल तख्त के फैसलों पर CM भगवंत मान ने तोड़ी चुप्पी (PTI)

CM Bhagwant Mann Akal Takht: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा उनके खिलाफ जारी किए गए हुकमनामों और फैसलों पर पहली बार खुलकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ने अकाल तख्त द्वारा उठाए गए कदमों को उनके खिलाफ चलाया जा रहा एक बड़ा और झूठा प्रोपेगेंडा करार दिया है। सीएम मान ने स्पष्ट किया कि जिस वीडियो के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है, वह वीडियो उनका है ही नहीं।

'अकाल तख्त का सम्मान करता हूं...'

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धर्म और राजनीति के घालमेल पर चिंता जताते हुए कहा, 'मैं श्री अकाल तख्त साहिब के सामने हमेशा अपना सर झुकाता हूं और उसे सर्वोच्च मानता हूं। लेकिन आज मुझे यह कहते हुए बेहद दुख हो रहा है कि वहां बैठे कुछ लोगों की नियुक्तियां सियासी (राजनीतिक) तौर पर हुई हैं। ये लोग अपने सियासी आकाओं के इशारे पर मुझे बदनाम करने की गहरी साजिश रच रहे हैं।'

कद-काठी भी नहीं मिलती, फिर भी चलाया जा रहा प्रोपेगेंडा

वीडियो विवाद पर अपनी सफाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्हें अकाल तख्त पर बुलाया गया था, तब भी उन्होंने वहां जाकर अपना पक्ष पूरी ईमानदारी से रखा था। मान ने कहा, 'मैंने तब भी स्पष्ट किया था कि उस वीडियो में जो शख्स दिखाई दे रहा है, वह कोई और है। उस व्यक्ति की कद-काठी तक मुझसे मेल नहीं खाती है। इसके बावजूद, धर्म के इतने बड़े-बड़े पदों पर बैठे लोग मेरे खिलाफ इतना बड़ा झूठ और प्रोपेगेंडा फैला रहे हैं, जिससे मैं हैरान हूं।'

'पंजाब, किसान और जवानी की रक्षा करने की मिल रही सजा'

मुख्यमंत्री ने विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके खिलाफ ये हथकंडे इसलिए अपनाए जा रहे हैं क्योंकि वे पंजाब के हितों के लिए लगातार कड़े फैसले ले रहे हैं। मान ने कहा, 'मैं पंजाब के पानी की रक्षा, यहां की कृषि, किसान और राज्य की जवानी (युवाओं) को बचाने के लिए दिन-रात काम कर रहा हूं।'

उन्होंने कहा कि मेरे विरोधी इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। मेरे रोम-रोम में पंजाब बसता है और मुझे डिगाने के लिए अब पवित्र धर्म का सहारा लेकर घिनौनी राजनीति की जा रही है।

बेअदबी कानून पर घेरा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और अकाल तख्त के प्रबंधकों के दोहरे रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले यही लोग लगातार मांग करते रहे कि बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून क्यों नहीं बनाया जाता। लेकिन अब जब हमारी सरकार ने बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बना दिया है, तो ये लोग राजनीति कर रहे हैं और कह रहे हैं कि हमसे बिना पूछे यह कानून क्यों बना दिया गया।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article