Tarsem Garg Petrol Bomb Attack in Bathinda: पंजाब के बठिंडा में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विशाल नगर स्थित मशहूर डॉक्टर और भाजपा (BJP) नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लिनिक को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंका गया। यह सनसनीखेज वारदात पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के बठिंडा दौरे से ठीक पहले हुई है, जिससे पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
वीडियो बनाते हुए दिया वारदात को अंजाम
चश्मदीदों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, देर रात मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश हमलावर क्लिनिक के बाहर पहुंचे। इनमें से एक आरोपी गेट के बाहर खड़ा होकर पेट्रोल से भरी बोतल में आग लगा रहा था, जबकि उसका दूसरा साथी मोबाइल से इस पूरी वारदात का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। जैसे ही बोतल में आग लगी, आरोपी ने उसे क्लिनिक के गेट के अंदर फेंक दिया।
बम फेंकते ही क्लिनिक परिसर में आग लग गई और वहां खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी भी आंशिक रूप से झुलस गई। क्लिनिक के अंदर मौजूद स्टाफ (ड्राइवर और अकाउंटेंट) ने जब आग देखी तो तुरंत शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिन्हें आता देख दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। समय रहते लोगों ने मुस्तैदी दिखाई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
राजनीतिक जुड़ाव और RSS दफ्तर के पास है क्लिनिक
पीड़ित डॉ. तरसेम गर्ग बठिंडा के जाने-माने चिकित्सक हैं। राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो वह पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की पंजाब ट्रेड विंग के सेक्रेटरी रह चुके हैं। हालांकि, पिछले नगर निगम चुनावों के दौरान पार्टी से नाराज होकर उन्होंने 'आप' छोड़ दी थी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। उनकी पत्नी ने भाजपा के टिकट पर नगर निगम चुनाव भी लड़ा था। गौरतलब है कि जिस क्लिनिक पर हमला हुआ, उसके ठीक सामने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का एक बड़ा जिला कार्यालय भी स्थित है, जिससे इस घटना के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
हरकत में आया प्रशासन, जांच में जुटी पुलिस की टीमें
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मंगलवार को बठिंडा के दौरे पर आ रहे हैं और वह सोमवार रात को ही यहां पहुंच चुके थे। वीवीआईपी (VVIP) मूवमेंट के बीच हुई इस वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। सूचना मिलते ही बठिंडा रेंज के डीआईजी (DIG) हरजीत सिंह और एसएसपी (SSP) ज्योति यादव समेत भारी पुलिस बल देर रात ही मौके पर पहुंच गया।
डॉ. तरसेम गर्ग ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं है और न ही उन्हें पहले कभी किसी प्रकार की धमकी मिली थी। उन्होंने दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
