शहर

पुणे में बारिश बनी आफत! लैंडस्लाइड से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे ठप, स्कूल बंद, IMD का रेड अलर्ट जारी

महाराष्ट्र के पुणे में लगातार जारी मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। आज मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। जिसे देखते हुए सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। लोनावला के पास लैंडस्लाइड होने से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराना हाईवे दोनों तरफ से बंद हैं। शहर के कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है।

Image

मूसलाधार बारिश से पुणे बेहाल, कई इलाकों में जलभराव

Pune Rain News: महाराष्ट्र के पुणे जिले में मानसून का तांडव देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर में हालात बिगड़ गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज पुणे में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते मौसम जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने एहतियातन जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं, भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें।

भूस्खलन से बंद हुआ मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे

भारी बारिश के चलते लोनावला के पास मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक पर बड़ा भूस्खलन (Landslide) हुआ। खंडाला एग्जिट के पास 8.9 किलोमीटर लंबी सुरंग से बाहर निकलते ही पहाड़ी का बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा। जिससे मुंबई की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बंद हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर यातायात बंद

लैंडस्लाइड और लगातार बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर दोनों दिशाओं से यातायात को अगले आदेश तक रोक दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा न करें है। अगर यात्रा अत्यंत आवश्यक हो, तो केवल प्रशासन द्वारा जारी ताजा ट्रैफिक अपडेट के अनुसार ही सफर करने को कहा गया है।

भूस्खलन की चपेट में आया मकान

मावल तहसील के सुदूर स्थित छोटे से गांव पाटन में हुए भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया। आशंका है कि मकान में रहने वाला पूरा परिवार मलबे के नीचे फंसा हो सकता है। घटना को देखते हुए NDRF की 5वीं बटालियन, पुणे से सहायता मांगी गई। इसके तहत निरीक्षक रविंदर के नेतृत्व में तथा सहायक कमांडेंट चंद्रकेतु शर्मा की निगरानी में 30 सदस्यीय टीम (जिसमें 1 अधिकारी, 2 वरिष्ठ अधिकारी और 27 जवान शामिल हैं) आवश्यक आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ सुबह 5:50 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई। फिलहाल बचाव अभियान जारी है। अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बारिश से शहर में जलभराव

पुणे में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश ने रविवार रात से और जोर पकड़ लिया। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों जलभराव हो गया है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। प्रमुख रास्तों पर पानी भरने से यातायात गहरा प्रभाव पड़ रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आज भी पुणे में बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

स्कूलों में छुट्टी, प्रशासन अलर्ट

पुणे में आज रेड अलर्ट को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। जिला प्रशासन, नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। साथ ही संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुणे नगर निगम और जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम व ट्रैफिक से जुड़े आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article