पुणे

Pune: मेट्रो खंभे से टकराई कार, 3 युवकों की मौत; तेज रफ्तार बनी हादसे का वजह

महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार तड़के बंड गार्डन क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार मेट्रो स्टेशन के खंभे से टकरा गई, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

Image

पुणे में तेज रफ्तार कार मेट्रो पिलर से टकरा गई (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

Pune Car Accident: महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार कार मेट्रो स्टेशन के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना बंड गार्डन क्षेत्र में सुबह लगभग साढ़े चार बजे हुई। कोरेगांव पार्क थाने के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह जांच की जा रही है कि क्या चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ऋतिक भंडारी, यश भंडारी और कुशवंत टेकवानी के रूप में हुई है। ऋतिक और यश आपस में चचेरे भाई थे, जबकि कुशवंत पुणे के एक निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संगीता जाधव के अनुसार, कार बंड गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक खंभे से टकराई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ऋतिक और यश को मृत घोषित कर दिया। कुशवंत ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक अन्य अधिकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह लगभग 4 बजकर 49 मिनट पर हुआ था।

सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार कार मेट्रो स्टेशन के खंभे से टकराई थी, जिसमें तीन लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया गया है कि चालक ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस उपायुक्त मिलिंद मोहिते ने बताया कि ऋतिक और यश पुणे के पास स्थित पिंपरी क्षेत्र के रहने वाले थे, जबकि कुशवंत मूल रूप से बीड जिले का निवासी था। उन्होंने यह भी बताया कि यह जांच की जा रही है कि क्या दुर्घटना के समय चालक ने शराब का सेवन किया था। इसके लिए रक्त के नमूने जांच हेतु भेजे गए हैं। जानकारी के अनुसार, हादसे से पहले युवकों में से एक ने अपनी मां को बताया था कि वे एक पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article