पुणे

Pune News: सावधान! पुणे में इस मांझे से उड़ाई पतंग तो खानी पड़ेगी जेल की हवा, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 12, 2023, 04:13 PM IST

Pune News: मकर संक्रांति से पहले पुणे पुलिस प्रतिबंधित नायलॉन मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। सोमवार को मांझा बेचने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उनके पास से कथित तौर पर कांच के पाउडर से पैना किया हुआ प्रतिबंधित नायलॉन का मांझा बरामद हुआ है।

Image

प्रतिबंधित नायलॉन मांझे के खिलाफ पुलिस ने शुरू किया अभियान

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • प्रतिबंधित नायलॉन मांझे के खिलाफ पुलिस का अभियान
  • मांझा बेचने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
  • कांच के पाउडर से पैना किया हुआ नायलॉन का मांझा बरामद


Pune News: मकर संक्रांति के मौके पर देश के कई हिस्सों जमकर पतंगबाजी होती है। लोग पतंगबाजी में एक-दूसरे को मात देने के लिए कई तरह के मांझे का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ मांझे की बिक्री पर पुलिस ने रोक लगाई हुई है। कोई भी इन प्रतिबंधित मांझे को बेचता है तो उसे पुलिस गिरफ्तार भी करती है। इसका ताजा मामला पुणे में देखने को मिला है। पुणे शहर की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर कथित तौर पर कांच के पाउडर से पैना किया हुआ प्रतिबंधित नायलॉन का मांझा बेचने का आरोप है। यह नायलॉन का मांझा इंसानों, पक्षियों और जानवरों को नुकसान पहुंचा सकता है।

इस मामले पर पुलिसकर्मी अमोल पवार ने कहा है कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने वरिष्ठ निरीक्षक संदीप भोसले के नेतृत्व में सोहेल आरिफ शेख को सोमवार को लोहिया नगर से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके घर से एक हजार रुपये की कीमत का प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है।

15 रील प्रतिबंधित मांझा बरामद

बुधवार को पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा गया है कि शेख के खिलाफ खड़क पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 336 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सोमवार को एक अन्य कार्रवाई में, इंस्पेक्टर उल्हास कदम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की एक टीम ने अब्दुल रहमान पापा शेख को कोंढवा से नायलॉन चीनी मांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से आठ हजार रुपये कीमत का 15 रील प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। उसके खिलाफ कोंढवा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

नायलॉन मांझे की अवैध बिक्री में तेजी

इससे पहले 8 जनवरी को क्राइम ब्रांच के लोगों ने आदिप अब्दुल करीम तंबोली नाम के एक शख्स को ओल्ड खड़की बाजार में उसकी दुकान पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था। उसके पास से प्रतिबंधित नायलॉन मांझे के कई बंडल बरामद किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि, तंबोली पर भी 2021 में नायलॉन मांझा के अवैध कब्जे और बिक्री के मामले में मामला दर्ज किया गया था। मकर संक्रांति के मौके पर पुणे में काफी लोग पतंगबाजी करते हैं। ऐसे में नायलॉन मांझे की अवैध बिक्री तेजी से बढ़ जाती है। जिसके खिलाफ पुलिस हर दिन गिरफ्तारी अभियान चला रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article