Pune Property Tax: आवासीय हाउसिंग सोसाइटी के फ्लैट में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। प्रॉपर्टी टैक्स न जमा करने वाले आवासीय हाउसिंग सोसाइटी को नोटिस जारी कर पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका (पीसीएमसी) के संपत्ति कर विभाग फ्लैट को जब्त कर लेने की चेतावनी दी है। पीसीएमसी ने इस तरह का नोटिस शहर के करीब 100 सोसाइटी के अध्यक्षों को जारी किया है। इसमें अध्यक्षों को कहा गया है कि, वे अपने फ्लैट मालिकों को 15 दिन के अंदर बकाया प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान करने को कहें। तय समय के दौरान टैक्स का भुगतान न करने की सूरत में पीसीएमसी द्वारा फ्लैट को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सोसाइटी अध्यक्षों को यह पत्र पीसीएमसी के सहायक नगर आयुक्त निलेश देशमुख की तरफ से जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि, पीसीएमसी ने प्रॉपर्टी टैक्स बकायादारों के खिलाफ सख्त अभियान चला रखा है। इस बार किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। दिए गए समयावधि के बाद कार्रवाई शुरू की जाएगी। बता दें कि पीसीएमसी को आवासीय श्रेणी में सबसे कम प्रॉपर्टी टैक्स मिल रहा है। बकायादार टैक्स जमा करने को तैयार नहीं हैं। जिसकी वजह से इस बार पीसीएमसी ने सख्ती शुरू की है।
