Pune Bus Accident: पुणे में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब PMPML की एक तेज रफ्तार बस अचानक बेकाबू होकर शादी के कार्ड प्रिटिंग की दुकान में घुस गई। इस दौरान बस ने सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। राहत की बात ये है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि बाइकों को नुकसान पहुंचा है।
बस का ब्रेक फेल होने की आशंका
यह हादसा पुणे के अप्पा बलवंत चौक इलाके पर हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए थे, जिसके कारण ड्राइवर का बस पर नियंत्रण खो गया। जिसके कारण बस बाइकों को टक्कर मारते हुए सीधा दुकान में घुस गई। गनीमत की बात कि इस हादसे के समय दुकान के अंदर उसका मालिक या कोई ग्राहक मौजूद नहीं था और फुटपाथ पर भी ज्यादा भीड़ नहीं थी। अगर उस समय वहां लोग होते, तो भीषण हादसा हो सकता था।
दुकान और दो बाइकें क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था। इस दुर्घटना में दुकान के शीशे, फर्नीचर और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं सड़क किनारे खड़ी दो बाइकें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसके वीडियो साफ देखा जा सकता है कि बस अचानक तेजी से आ रही है और अचानक बेकाबू होकर सीधे दुकान में घुस जाती है। हादसे की सूचना मिलते ही विश्रामबाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
