शहर

Delhi: पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत! पीतमपुरा-शालीमार बाग में नए वॉटर ATM शुरू, मिलेगा मुफ्त पानी

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा और शालीमार बाग में नए वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया। इस सुविधा से झुग्गी परिवारों को कार्ड के जरिए रोजाना 20 लीटर मुफ्त पानी मिलेगा। सरकार पानी की कमी वाले इलाकों में ऐसी सुविधा बढ़ाएगी।

Image

Delhi: पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत! पीतमपुरा-शालीमार बाग में नए वॉटर ATM शुरू, मिलेगा मुफ्त पानी

Delhi Water ATM Inauguration: दिल्ली में बढ़ती गर्मी और पानी की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पीतमपुरा और शालीमार बाग में नए 'वॉटर एटीएम' का उद्घाटन किया। इस सुविधा को पीतमपुरा के AU ब्लॉक के अलावा शालीमार बाग के एयू ब्लॉक, सोम बाजार रोड, एए झुग्गी और सीए ब्लॉक में शुरू किया गया है। इस पहल का मकसद दिल्ली की जनता को स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध कराना है, खासतौर पर उन इलाकों में जहां लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है।

वॉटर ATM से हर घंटे मिलेगा 2000 लीटर पानी

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद से पिछले एक साल में लोगों को लगातार नई योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। कभी नीतियों के माध्यम से, कभी विकास कार्यों से और कभी प्रशासनिक सुधारों के जरिए जनता को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय पूरा देश भीषण गर्मी के दौर से गुजर रहा है, कई जगहों पर लोग पानी की कमी से परेशान हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए वॉटर एटीएम की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह एक आधुनिक 5-स्टेज RO तकनीक से लैस प्लांट है, जो हर घंटे 2000 लीटर शुद्ध पीने का पानी उपलब्ध कराएगा।

सीएम ने झुग्गी परिवारों को दिया वॉटर ATM कार्ड

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवारों को वॉटर एटीएम कार्ड दे रही है। इस कार्ड के माध्यम से हर परिवार रोजाना 20 लीटर तक साफ पानी ले जा सकेगा। इसके लिए उन्हें कोई शुल्क देने की जरूरत नहीं, ये पानी उन्हें मुफ्त मिलेगा। उन्होंने इस पहल को लोगों के जीवन की दशा और दिशा बदलने वाली बताया। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में ऐसे वॉटर एटीएम राजधानी के उन सभी इलाकों में लगाए जाएंगे, जहां पानी की कमी है।

हर घर में साफ पानी पहुंचाने की पहल

सरकार ने दिल्ली में जल आपूर्ति को मजबूत बनाने और हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए 9,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। नए वॉटर एटीएम के उद्घाटन के अवसर पर इंडियन ऑयल के अधिकारी, स्थानीय प्रतिनिधि और कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने भरोसा जताया कि दिल्ली की जनता को साफ पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article