UP Diwas 2026: उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को राज्य और जिला स्तर पर भव्य रूप से मनाने की तैयारियां शासन स्तर पर तेज कर दी गई हैं। आयोजन को समावेशी बनाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा, थीम, प्रदर्शनियों तथा सम्मान समारोहों को प्रभावशाली ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन आज 24 से 26 जनवरी तक किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम “विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश” तय की गई है। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित होगा, जबकि सभी जनपदों में भी प्रमुख कार्यक्रमों को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी जिलों में प्रसारण अनिवार्य
मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में अनिवार्य रूप से कराया जाए। कार्यक्रम स्थलों का चयन निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को औपचारिक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और विकास यात्रा को दर्शाने वाली अभिलेखीय प्रदर्शनियां लगाई जाएं। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष स्टॉल स्थापित किए जाएं, ताकि आमजन और लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
क्या होंगे मुख्य आकर्षण?
‘एक जनपद–एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय की व्यवस्था की जाएगी। जीआई टैग प्राप्त ओडीओपी उत्पादों को ट्रेड शो के स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ के अंतर्गत स्थानीय खाद्य उत्पादों का भी प्रदर्शन और बिक्री कराई जाएगी। मिशन शक्ति, नवाचारों तथा ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों, पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, कला-संस्कृति जगत की हस्तियों तथा खेल, पंचायती राज, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि और श्रम क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाए।
युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं और पुरस्कार
युवा कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया है कि आयोजन अवधि के दौरान युवाओं के लिए प्रेरक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए जाएं, जिससे उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके। मुख्य सचिव ने यह भी बताया कि फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड में स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से विदेशों में भी उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के लिए एमएसएमई और पर्यटन विभाग द्वारा स्मृति-चिह्न (सोवेनियर) उपलब्ध कराए जाएंगे।
(इनपुट-आईएएनएस)
