Rahul Gandhi Prayagraj Visit: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट प्रबंधन ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के आगामी कार्यक्रम को लेकर बनी संशय की स्थिति को पूरी तरह साफ कर दिया है। ट्रस्ट प्रबंधन ने 8 अगस्त को आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए केपी कॉलेज मैदान की अनुमति पुनः प्रदान कर दी है। इस फैसले के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट प्रबंधन द्वारा जारी दोबारा अनुमति का आधिकारिक पत्र मीडिया के सामने प्रस्तुत कर स्थिति स्पष्ट की। इससे पहले 5 अगस्त को केपी ट्रस्ट प्रबंधन ने कुछ तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम स्थल की अनुमति को निरस्त कर दिया था।
अनुमति रद्द होने के बावजूद राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राय ने स्पष्ट कर दिया था कि कार्यक्रम तय तिथि पर केपी कॉलेज मैदान में ही आयोजित किया जाएगा और वे छात्रों से हर हाल में संवाद करेंगे। जहां कांग्रेस नेताओं के कड़े रुख और प्रशासनिक समीक्षा के बाद, केपी ट्रस्ट प्रबंधन ने कुछ तय शर्तों के साथ 8 अगस्त को केपी ग्राउंड में कार्यक्रम कराने की मंजूरी दे दी है।
8 अगस्त को छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और युवाओं से उनके मुद्दों, समस्याओं और देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पर सीधा संवाद करेंगे। वहीं, ट्रस्ट के इस फैसले से कार्यक्रम स्थल को लेकर पिछले दो दिनों से चला आ रहा राजनीतिक ड्रामा और असमंजस पूरी तरह खत्म हो गया है। साथ ही अनुमति मिलते ही स्थानीय कांग्रेस कमेटी और आयोजकों ने केपी कॉलेज मैदान में मंच और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। बता दें कि राहुल गांधी का यह दौरा प्रयागराज में छात्रों से जुड़े हालिया मुद्दों और रोजगार के सवालों के बीच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
