शहर

पटना में हाई वोल्टेज ड्रामा, देर रात जक्कनपुर थाने पहुंचे प्रशांत किशोर; SHO से हुई तीखी बहस

पटना के जक्कनपुर थाना में देर रात जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर समर्थकों के साथ पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित रूप से हिरासत में लेने के मामले पर पुलिस से जवाब मांगा।

Image

पटना में थाने पहुंचे प्रशांत किशोर, पुलिस से तीखी बहस

Photo : ANI

बिहार की राजधानी पटना के जक्कनपुर थाने में देर रात भारी हंगामा और हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जहां जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। इस दौरान उनकी थाना प्रभारी (SHO) ऋतुराज सिंह से तीखी बहस भी हुई। प्रशांत किशोर ने पुलिस पर जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से हिरासत में लेने और गायब करने का गंभीर आरोप लगाया।

कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का आरोप

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि जन सुराज के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है, लेकिन उनके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दो लोगों को गैरकानूनी तरीके से थाने लाया गया, कई घंटों तक रखा गया और बाद में कहीं और भेज दिया गया।

SHO पर लगाए गंभीर आरोप

मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को कोई भी नुकसान पहुंचता है तो इसके जिम्मेदार जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज सिंह होंगे। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी यह तक नहीं बता पा रहे हैं कि कार्यकर्ताओं को पुलिस कहां लेकर गई है और किस अधिकारी के आदेश पर उन्हें स्थानांतरित किया गया। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस पूरे मामले में पारदर्शिता नहीं दिखा रही है।

थाने में प्रशांत किशोर और पुलिस अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। बड़ी संख्या में जन सुराज के समर्थकों के पहुंचने से इलाके में तनाव का माहौल देखने को मिला। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article