Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कोच इलाके में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार गो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी उमेश पांडे ने बताया कि गुरुवार सुबह कोतवाली कोच के महेशपुर मार्ग पर पुलिस ने वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाया, इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ गो तस्कर एक वाहन में गोवंश को कथित तौर पर काटने और बेचने के लिए ले जा रहे हैं।
आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही वाहन महेशपुर पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्करों ने पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि पैर में गोली लगने से कथित गो तस्कर कल्ला और मुन्ना घायल हो गए। वहीं अन्य आरोपी शाहिद पुत्र शहजादा और सोनू पुत्र शहजाद ने आत्मसमर्पण कर दिया ।
आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस बरामद
पांडे ने बताया आरोपियों के पास से तमंचा, चाकू, कारतूस सहित कई हथियार बरामद किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कथित गो तस्करों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई संगीन धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं ।
