शहर

Delhi Dehradun Expressway पर पुलिस लिखी कार से पौधे चोरी! CCTV वीडियो वायरल

बागपत में Delhi Dehradun Expressway पर पौधा उखाड़कर कार में रखने का एक CCTV फुटेज वायरल हो रहा है। कार पर POLICE लिखा नजर आने से घटना चर्चा में है।

Delhi Dehradun Expressway पर तो आपने भी कई बार फर्राटा मारा होगा। यहां डिवाइडर पर पौधे लगाए गए हैं, ताकि एक्सप्रेसवे की खूबसूरती तो निखरे ही साथ ही दूसरी तरफ से आने वाली गाड़ियों की हेडलाइट से आंखें न चुंधियाएं। यह एक्सप्रेसवे 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के लिए बनाया गया है। लेकिन कुछ लोग एक्सप्रेसवे पर ऐसी हरकतें करते हैं, जिससे उनके साथ ही दूसरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक शख्स डिवाइडर के साथ वाली यानी ओवरटेल लेन में गाड़ी खड़ी करके कथित तौर पर डिवाइडर से पौधे उखाड़कर ले जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे लगभग एक मिनट के CCTV वीडियो में एक शख्स कार से उतरकर हाईवे के बीच लगे पौधे को निकालता है और फिर उसे अपनी गाड़ी में रखते हुए दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि वीडियो में कार पर POLICE लिखा नजर आ रहा है। हालांकि, कार सवार व्यक्ति की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद एक्सप्रेसवे पर लगाए गए पौधों की सुरक्षा और सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले में पुलिस और संबंधित विभाग की कार्रवाई को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV में यह पूरी घटना कैद हो गई है। CCTV फुटेज में एक कार एक्सप्रेसवे पर रुकती दिखाई देती है। इसके बाद कार सवार एक व्यक्ति नीचे उतरता है और डिवाइडर पर लगे पौधे को उखाड़कर अपने साथ ले जाता नजर आता है। वह पौधे को कार में रखकर वहां से निकल जाता है।

वीडियो में कार पर POLICE लिखा दिखाई देने के कारण मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, सिर्फ कार पर लिखे शब्दों के आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि कार पुलिस विभाग की है या संबंधित व्यक्ति पुलिसकर्मी है।

हाईवे पर लगे पौधों की सुरक्षा पर सवाल

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हरियाली और सड़क किनारे पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल भी जरूरी है। ऐसे में अगर सार्वजनिक स्थान पर लगाए गए पौधे को नुकसान पहुंचाने की घटना की पुष्टि होती है, तो संबंधित विभाग की ओर से जांच और कार्रवाई की जरूरत होगी।

अब वायरल वीडियो के आधार पर घटना की वास्तविकता, कार की पहचान और पौधा उखाड़ने वाले व्यक्ति के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। मामले में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर तस्वीर साफ हो पाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article