शहर

FIR के बाद तेज प्रताप यादव का पलटवार, बोले-आकाश यादव गढ़ रहा झूठी कहानियां; ठोकेंगे मानहानि का दावा

पटना में अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव की शिकायत पर तेजप्रताप यादव और उनके पीए मोतीलाल यादव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। हालांकि, तेजप्रताप ने सभी आरोपों को बेबुनिया और मनगढ़ंत बताकर आकाश के खिलाफ मानहानि का दावा पेश करने की बात कही है।

Image

तेजप्रताप यादव

बिहार की राजनीति में एक बार फिर जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष व लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटा तेज प्रताप यादव चर्चा में हैं। उनके खिलाफ पटना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आकाश यादव का आरोप है कि तेजप्रताप यादव और उनके निजी सहायक (पीए) मोतीलाल यादव ने उनके घर में जबरन प्रवेश किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, तेजप्रताप यादव ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत हैं। दावा है कि उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।

मामला गरमाने के बाद तेजप्रताप यादव ने कहा कि उन्होंने पहले ही आकाश यादव को कानूनी नोटिस भेजा था। उनका कहना है कि उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर राजनीतिक और व्यक्तिगत रूप से उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास अपने दावों के समर्थन में पर्याप्त सबूत हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।

पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाने की कोशिश की जा रही है और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि आकाश यादव द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत हैं। उन्होंने उस दावे को भी खारिज किया जिसमें आकाश यादव ने आरोप लगाया था कि तेज प्रताप उनके फ्लैट पर जाते थे। राजद नेता ने कहा कि उनके खिलाफ झूठी कहानियां गढ़ी जा रही हैं।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली धमकी

उन्होंने यह भी कहा कि उन पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के जरिए धमकी दिलाने का आरोप लगाया गया है, जबकि ऐसा कोई तथ्य नहीं है। तेज प्रताप ने दावा किया कि यदि किसी तरह की धमकी भरे कॉल आए हैं तो उनकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि आकाश यादव ने उनके माता-पिता के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। उन्होंने बताया कि इसी मामले में 7 जून को दिल्ली से कानूनी नोटिस भेजा गया था। साथ ही उन्होंने कहा कि अब मानहानि का नोटिस भेजने की भी तैयारी की जा रही है। नेता ने कहा कि उनके पास कई सबूत मौजूद हैं और समय आने पर उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मिलकर उनके खिलाफ अभियान चला रहे हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया के जरिए अपना पक्ष रखेंगे।

तेज प्रताप यादव ने यह भी उम्मीद जताई कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद साबित होते हैं तो परिवार और पार्टी के लोग उनके समर्थन में खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को राजनीतिक और व्यक्तिगत रूप से उन्हें बदनाम करने के प्रयास के तौर पर देखा जाना चाहिए, जबकि सच्चाई जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद सामने आएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article