क्रिकेट

मोहम्मद सिराज के क्लब में शामिल होंगे मुकेश कुमार और आकाशदीप, बिहार सरकार ने की सिफारिश

टीम इंडिया के धाकड़ तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के क्लब में बंगाल की ओर से खेलने वाले मुकेश कुमार और आकाशदीप की एंट्री होने जा रही है। दोनों को बिहार पुलिस में डीएसपी बनाए जाने की सिफारिश बिहार सरकार ने की है।

Image

मुकेश कुमार और आकाशदीप (फोटो क्रेडिट CAB)

पटना: टीम इंडिया के धाकड़ तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के क्लब में बंगाल की ओर से खेलने वाले मुकेश कुमार और आकाशदीप की एंट्री होने जा रही है। मोहम्मद सिराज की तरह ये दोनों खिलाड़ी भी डीएसपी बनने जा रहे हैं। तेलंगाना पुलिस में सिराज डीएसपी के रूप में कार्यरत हैं। इन दोनों खिलाड़ियों को बिहार सरकार ने डीएसपी बनाए जाने की अनुशंसा की है। जल्दी ही ये दोनों खिलाड़ी पुलिस की वर्दी पहने नजर आएंगे।

बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने गृह विभाग को भेजा प्रस्ताव

बिहार सरकार ने मुकेश कुमार और आकाश दीप को खेल कोटे के तहत डीएसपी पद पर नियुक्त किए जाने की सिफारिश की है। दोनों खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने गृह विभाग के पास प्रस्ताव भेजा है। दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति नियमावली के तहत किए जाने की सिफारिश की गई है। बिहार सरकार ने अपने प्रस्ताव में दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया है।

शादी से पहले मिली आकाशदीप को खुशखबरी

मुकेश कुमार और आकाश दीप उन खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं जिन्होंने चीन के हांगझोउ में साल 20222 में आयोजित एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन किया। आकाशदीप को ये तोहफा उनकी शादी से ठीक पहले मिला है। आकाशदीप इसी महीने की 24 तारीख को विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं।

ऐसा रहा है दोनों का अंतरराष्ट्रीय करियर

मुकेश कुमार और आकाशदीप दोनों खिलाड़ी भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं। मुकेश कुमार ने साल 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था। वो भारत के लिए 3 टेस्ट 6 वनडे और 17 टी20आई मैच खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने क्रमश: 7, 5 और 20 विकेट हासिल किए। वहीं आकाशदीप ने भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 28 विकेट 35.78 के औसत और 3.91 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। 99 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। उन्होंने रांची में इंग्लैंड के खिलाफ साल 2024 में टेस्ट डेब्यू किया था।

(डेवलपिंग स्टोरी)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article