Bihar News: बिहार के शिवहर जिले में जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह को एक 14 साल पुराने हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। साल 2011 में मछली व्यवसायी मो. सलीम की हत्या के मामले में ढाका पुलिस ने उन्हें शनिवार की शाम शिवहर जिला परिषद कार्यालय से गिरफ्तार किया।
14 साल पुराने हत्याकांड में नाम आया सामने
पुलिस के अनुसार, 2011 में ढाका बैरगनिया रोड स्थित भगवानपुर गांव के समीप मछली व्यवसायी मो. सलीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सलीम ढाका थाना क्षेत्र के चैनपुर ढाका के निवासी थे। इस मामले की जांच के दौरान धीरे-धीरे परतें खुलती गईं और अब चौदह साल बाद इस हत्या में जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह का नाम सामने आया है।
शूटर ने कबूला तो हुआ खुलासा
सिकरहना डीएसपी उदय शंकर ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल एक शूटर अमित कुमार उर्फ कन्हैया को 23 जून 2019 को शिवहर थाना कांड संख्या 97/2010 के तहत गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान अमित ने खुलासा किया कि साजिश की पूरी योजना विजय कुमार सिंह के घर पर बनाई गई थी।
अमित कुमार ने यह भी बताया कि विजय सिंह को इस हत्या के एवज में 3.5 लाख रुपये दिए गए थे। योजना में अन्य अभियुक्त, जिसमेंरवि उर्फ रवि रौशन, मुकेश कुमार, रोहित कुमार, और आशुतोष कुमार उर्फ भोली भी शामिल थे और उन्होंने मिलकर मो. सलीम की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
कोर्ट से वारंट मिलने के बाद हुई गिरफ्तारी
ढाका पुलिस ने इस मामले में कोर्ट से वारंट प्राप्त किया और डीएसपी उदय शंकर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। छापेमारी दल में शिवहर डीएसपी सुशील कुमार, ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय, इंस्पेक्टर धनंजय कुमार, अनुसंधानकर्ता कुमारी मधुमालिनी और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे। गिरफ्तार जिला परिषद अध्यक्ष विजय कुमार सिंह श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में कुल 10 अभियुक्त शामिल हैं, जिनमें से 4 के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
