Bihar Elections 2025: कांग्रेस के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बिहार की राजनीति में धमाका कर गया है। पीएम मोदी की मां को लेकर दिए गए विवादित बयान का शोर अभी थमा भी नहीं था कि अब बिहार को बीड़ी से जोड़ने वाली टिप्पणी ने कांग्रेस को घेर लिया है। बीजेपी और जेडीयू ने इसे सीधे-सीधे बिहार और बिहारियों का अपमान बता डाला।
कांग्रेस की इस “चूक” ने एनडीए को एक और बड़ा मुद्दा थमा दिया है। मां पर टिप्पणी और अब बिहार पर कटाक्ष, दोनों ही हथियारों के सहारे एनडीए विपक्ष पर हमला तेज कर चुका है। सवाल यही है कि चुनावी जंग में यह विवाद कितना असर छोड़ेगा।
पीयूष गोयल का वार
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की सोच हमेशा भारतीय संस्कृति और जनता की भावनाओं का अपमान करने वाली रही है। बिहार की तुलना बीड़ी से करना इसी मानसिकता का हिस्सा है।”
बीजेपी का तीखा हमला
बीजेपी नेता रवि शंकर प्रसाद ने भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा, “क्या कांग्रेस बिहार की तुलना बीड़ी से करेगी? प्रधानमंत्री की मां का अपमान करने के बाद अब बिहार पर वार… राहुल गांधी आखिर कर क्या रहे हैं? तेजस्वी यादव में इतनी भी हिम्मत नहीं कि वो निंदा करें।”
जेडीयू ने कसा तंज
जेडीयू सांसद संजय झा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस भूल रही है कि B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है। लेकिन कांग्रेस के पास वही नहीं है।”
