शहर

MPSC पेपर लीक मामले में जांच तेज, पहले छह गिरफ्तारियों के बाद अब ऋतुजा पाटिल से पूछताछ में खुल सकते हैं कई और राज

MPSC Paper Leak Case: महाराष्ट्र में MPSC ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच अब एक और अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने नंदुरबार से आरोपी ऋतुजा पाटिल को हिरासत में लेकर पेपर लीक से उनके कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लीक हुए सवालों तक उनकी पहुंच कैसे हुई और इस पूरे मामले में उनकी क्या भूमिका रही।

Image

MPSC पेपर लीक केस में एक बार फिर बड़ा एक्शन

Photo : PTI

MPSC Paper Leak Case: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक और अहम कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल की टीम ने नंदुरबार से आरोपी ऋतुजा पाटिल को हिरासत में लिया है। पुलिस अब मामले में उनकी कथित भूमिका और लीक हुए परीक्षा मटीरियल से उनके संपर्क की जांच कर रही है।

पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल

जांच एजेंसियों के अनुसार, 22 मार्च को आयोजित होने वाली MPSC ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा से पहले कथित तौर पर 294 सवालों वाला एक गोपनीय सेट कुछ लोगों तक पहुंच गया था। पुलिस का दावा है कि इस कथित लीक सेट में शामिल 77 सवाल बाद में वास्तविक परीक्षा में पूछे गए थे। इस आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए क्राइम ब्रांच ने पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल शुरू की।

सवालों का सेट कब, कैसे और किसके जरिए मिला?

पुलिस की अब तक की जांच में ऋतुजा पाटिल का नाम भी सामने आया था। बताया जा रहा है कि वह उन अभ्यर्थियों में शामिल थीं, जिन्हें कथित तौर पर लीक हुए परीक्षा मटीरियल से फायदा मिला। इससे पहले क्राइम ब्रांच ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था। अब हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि उन्हें कथित तौर पर सवालों का सेट कब, कैसे और किसके जरिए मिला था।

छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है क्राइम ब्रांच

इस मामले में क्राइम ब्रांच पहले ही छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में MPSC के तीन अधिकारी, एक कोचिंग संस्थान का निदेशक, ऋतुजा पाटिल के पिता और लोकेश उर्फ गौरव पाटिल शामिल हैं। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद MPSC ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया था। राज्य सरकार ने परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की घोषणा भी की है। फिलहाल क्राइम ब्रांच कथित पेपर लीक की पूरी कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और गिरफ्तारियां या खुलासे होने की संभावना है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article