दुनिया

राष्ट्रपति के परिवार से PM तक... उज्बेकिस्तान दौरे पर PM मोदी ने किसे दिए कौन-कौन से खास तोहफे?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्बेकिस्तान की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव और उनके परिवार तथा प्रधानमंत्री अब्दुल्ला अरिपोव को भारत की कला, संस्कृति और विरासत से जुड़े खास उपहार भेंट किए। राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को चंदन की शत तंत्री वीणा (संतूर), प्रीमियम कांगड़ा चाय और ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव का 2025 FIDE वर्ल्ड कप फाइनल का हस्तलिखित स्कोरशीट दिया गया।

Image

उज्बेकिस्तान दौरे पर PM मोदी की खास सौगातें, संतूर से बनारसी सिल्क तक भारतीय कला की दिखी झलक।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की अपनी दो देशों की यात्रा पूरी की। इस दौरान उन्होंने कई राष्ट्र प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं और बिश्केक में सालाना एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने का आह्वान किया। यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव और उनके परिवार के साथ-साथ प्रधानमंत्री अब्दुल्ला अरिपोव को भारत की कला, संस्कृति और विरासत से जुड़े कई खास उपहार भेंट किए।

राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को संतूर और कांगड़ा चाय का तोहफा

राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव को चंदन की लकड़ी से बनी शत तंत्री वीणा (संतूर) भेंट की गई। यह भारत की समृद्ध संगीत परंपरा और चंदन की नक्काशीकारी का खूबसूरत मेल है। इसके अलावा उन्हें कांगड़ा फर्स्ट फ्लश ब्लैक टी और कांगड़ा ग्रीन टी के दो प्रीमियम पैक लकड़ी के नक्काशीदार बॉक्स में दिए गए।

शतरंज चैंपियन की यादगार भी की भेंट

राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को शतरंज ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव का 2025 FIDE वर्ल्ड कप फाइनल का मूल हस्तलिखित स्कोरशीट भी भेंट किया गया। यह उनके ऐतिहासिक प्रदर्शन की यादगार है।

उज्बेक पीएम को मिली मार्बल इनले प्लेट प्रधानमंत्री अब्दुल्ला अरिपोव को भारत की पारंपरिक पत्थर जड़ाई कला को दर्शाने वाली मार्बल इनले डेकोरेटिव प्लेट दी गई। इसमें सफेद संगमरमर पर रंगीन पत्थरों से फूल-पत्तियों के बारीक डिजाइन बनाए गए हैं।

राष्ट्रपति की पत्नी को बनारसी सिल्क और मार्बल कास्केट

राष्ट्रपति की पत्नी जिरोअत मिर्जियोयेवा को आगरा की संगमरमर जड़ाई कला और वाराणसी की बनारसी रेशम परंपरा को जोड़ने वाला मार्बल इनले कास्केट और बनारसी सिल्क स्टोल भेंट किया गया।

राष्ट्रपति की बेटी को मिला खास सिल्वर ब्रोच

वहीं, राष्ट्रपति की बेटी को भारतीय आभूषण कला की बारीक कारीगरी को दर्शाने वाला फाइन सिल्वर ब्रोच उपहार में दिया गया। इस पर फूलों की आकृति और बारीक नक्काशी का काम किया गया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article