शहर

दिल्ली बस गैंगरेप पर गरमाई सियासत, डिंपल यादव ने कसा भाजपा पर तंज; बोलीं- उजागर हो रहीं सरकार की नाकामियां

Delhi Bus Gang Rape Case: दिल्ली में नाबालिग छात्रा से कथित गैंगरेप के मामले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सपा सांसद डिंपल यादव ने घटना को शर्मनाक बताते हुए पीड़िता को न्याय और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले का राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने खुद संज्ञान लेते हुए दिल्ली, गौतम बुद्ध नगर और मैनपुरी पुलिस से रिपोर्ट तलब की है।

Image

डिंपल यादव ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को बताया बेहद भयावह और शर्मनाक

Photo : PTI

Delhi Bus Gang Rape Case: दिल्ली में चलती बस में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप के मामले में पर सपा सांसद डिंपसल यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है तो, वहीं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने खुद घटना पर संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले को गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़ा मामला मानते हुए दिल्ली और गौतम बुद्ध नगर के पुलिस आयुक्तों के साथ-साथ मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। NHRC ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से दो सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। आयोग के मुताबिक, रिपोर्ट में मामले की जांच की मौजूदा स्थिति के साथ पीड़िता को किसी तरह का मुआवजा दिए जाने की जानकारी भी शामिल करनी होगी। NHRC ने कहा कि अगर मीडिया रिपोर्ट में सामने आए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह बेहद गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन का मामला बनता है।

डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

इस घटना पर समाजवादी पार्टी की मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, "नोएडा से दिल्ली जा रही बस में मैनपुरी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना अत्यंत भयावह और शर्मनाक है। महिला सुरक्षा के दावों के बीच ऐसी घटनाएं भाजपा सरकार की नाकामी उजागर करती हैं। इस कठिन समय में हम पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़े हैं। पीड़िता को शीघ्र न्याय, सुरक्षा और हरसंभव सहायता मिले तथा दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए।" डिंपल यादव के इस बयान के बाद इस घटना ने राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है।

4 अगस्त की रात हुई खौफनाक वारदात

जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय लड़की 4 अगस्त की रात उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित परी चौक से एक बस में सवार हुई थी। उसे नोएडा के सेक्टर-63 जाना था। आरोप है कि बस के चालक और परिचालक ने रास्ते में उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में छोड़ दिया गया। आरोप यह भी है कि आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। मामले में दिल्ली पुलिस ने कश्मीरी गेट थाने में एफआईआर दर्ज करने के बाद तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने बस चालक 39 वर्षीय कुलदीप और परिचालक 26 वर्षीय संदीप को कुछ ही घंटों के भीतर तिमारपुर स्थित एक पार्किंग स्थल से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी कानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पीड़िता को उपलब्ध कराई गई मदद और इन जानकारियों की मांग

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लड़की उत्तर प्रदेश के मैनपुरी स्थित अपने घर से नोएडा के सेक्टर-63 में रहने वाली अपनी रिश्तेदार से मिलने के लिए निकली थी। सफर के दौरान वह अपने निर्धारित स्टॉप से आगे निकल गई और परी चौक पर उतर गई। इसके बाद उसने एक दूसरी बस में सवार होने से पहले कथित तौर पर यह सुनिश्चित किया कि बस सेक्टर-63 की ओर जा रही है। NHRC ने 31 अगस्त को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए कहा कि घटना में नाबालिग को कथित तौर पर धमकाकर दिल्ली के कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास छोड़ दिया गया। आयोग ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच, अब तक की कार्रवाई और पीड़िता को उपलब्ध कराई गई सहायता से जुड़ी पूरी जानकारी मांगी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article