क्रिकेट

क्या इमाम बना रहे थे चोट का बहाना, अब PCB करेगी जांच-पहले कर चुके हैं ऐसी हरकत

इमाम उल हक की मुश्किलें बढ़ने वाली है। बीच दौरे से स्वदेश भेजे गए इमाम की चोट को लेकर अब पीसीबी गंभीर हो गया है। इंग्लैंड दौरे के बाद इसकी जांच होगी। पीसीबी को शक है कि इमाम की चोट इतनी गंभीर नहीं थी कि वह बल्लेबाजी करने नहीं आ सके।

Image

इमाम उल हक (साभार-X)

इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो टेस्ट में करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में मचे घमासान के बीच सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक मंगलवार को लंदन से स्वदेश लौट आए। इमाम पाकिस्तान के उन सात खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्हें टीम के खराब प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड दौरे से बीच में ही वापस बुला लिया गया।

लेकिन इमाम को वापस बुलाए जाने के पीछे जो बातें कही जा रही हैं वह खासी चर्चा में है। दरअसल चोट के कारण इमाम लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारी में बैटिंग नहीं कर पाए थे। अब यह कहा जा रहा है कि उनके चोट को लेकर पीसीबी जांच करेगी। जांच यह होगी कि यह चोट सही भी थी या फिर इमाम बहाना बना रहे थे। पीसीबी और टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इमाम की चोट ने बोर्ड की नाराजगी को और बढ़ाया।

बढ़ सकती है इमाम की मुश्किलें

इमाम पर अगर चोट का बहाना बनाने की बात सच पाई जाती है तो उनकी मुश्किलें बढ़ सकती है। पीसीबी के एक सूत्र ने कहा, ’’इमाम को बोर्ड की जांच समिति के सामने पेश होना पड़ सकता है, जो उनकी पिंडली की चोट की जांच करेगी। इसी चोट के कारण वह दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में बल्लेबाजी नहीं कर सके थे।’’ टीम प्रबंधन ने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन बयान जारी कर कहा था कि इमाम को पिंडली की मांसपेशियों में चोट लगी है। बाद में पता चला कि पहले दिन फील्डिंग के दौरान उनकी मांसपेशी में खिंचाव (टियर) आया था।

फीजियो ने चोट को बताया संदिग्ध

इमाम के लिए मामला इसलिए भी गंभीर हो गया है क्योंकि मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम ने सार्वजनिक रूप से पुष्टि की है कि टीम के पूर्व फिजियो क्लिफ डीकन ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट शृंखला के दौरान इमाम की चोट के पैटर्न को संदिग्ध बताया था। यही कारण है कि पीसीबी ने फैसला किया है कि इस महीने के अंत में इंग्लैंड से खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने के बाद टीम के प्रदर्शन, इमाम की चोट और ड्रेसिंग रूम से जुड़े अन्य मामलों की जांच कराई जाएगी।

पहले भी बना चुके हैं चोट का बहाना

इमाम पर शक इसलिए भी बढ़ रहा है क्योंकि वह पहले भी ऐसी हरकत कर चुके हैं। पिछले साल न्यूजीलैंड दौरे से जुड़ी पीसीबी की एक जांच समिति की रिपोर्ट में उनका झूठ पकड़ा गया था। मीडिया में आई रिपोर्टों के मुताबिक समिति ने इमाम को पैर के अंगूठे की चोट का बहाना बनाने का दोषी पाया था। पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज इंजमाम-उल-हक के भतीजे इमाम ने 2017 में पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह अब तक 31 टेस्ट, 75 वनडे और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article