पिछले कुछ समय से एक के बाद एक महिला द्वारा पति की हत्या करने या कराने के कई मामले सामने आए हैं। ऐसा ही एक नया मामला बिहार के बख्तियारपुर से सामने आया है। यहां 25 वर्षीय धीरज कुमार नाम के दिव्यांग युवक की हत्या की गुत्थी को आखिरकार पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार धीरज कुमार की हत्या उसकी अपनी ही पत्नी शालू ने करवाई थी।
पुलिस ने हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने का दावा करते हुए बताया कि धीरज कुमार की हत्या की साजिश स्वयं उसकी पत्नी शालू कुमारी (22) ने अपने चचेरे देवर के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने शालू को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल भी कर लिया।
देवर से प्रेम संबंध में पति को मार डाला
पुलिस का कहना है कि शालू का अपने चचेरे देवर से दो सालों से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों ने मिलकर धीरज को रास्ते से हटाने और फिर साथ में जिंदगी बिताने की योजना बनाई थी। यही नहीं धीरज ने हाल ही में 9 लाख रुपये में जमीन बेची थी और इस पैसे पर भी दोनों की नजर थी। शालू और उसके देवर ने मिलकर धीरज को धोखे से धोबा पुल तक बुलाया और वहां एक शूटर से उसकी हत्या करवा दी। हत्या के बाद शव को धोबा नदी में फेंक दिया।
पुलिस को ऐसे हुआ शालू पर शक
सोमवार को धीरज का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें उसकी पत्नी शालू की संदिग्ध भूमिका सामने आई। शालू ने न तो अपने पति के लापता होने की सूचना पुलिस को दी और न ही कोई खोजबीन की। इस पर पुलिस को शक हुआ। जांच के दौरान शालू के घर से 2.43 लाख रुपये और दो मोबाइल बरामद हुए।
थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि हत्या की इस वारदात में कुल पांच आरोपी शामिल हैं। शालू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है और बाकी आरोपियों की भी तलाश जारी है।
