बिहार के गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही हत्या में इस्तेमाल तलवार भी बरामद कर ली गई है। जानकारी के मुताबिक, मृतक ध्रुव कुमार पंजाब में नौकरी करता था और दो दिन पहले ही अपने घर लौटा था। शनिवार की रात जब वह घर में सो रहा था, तभी उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच के दौरान यह सामने आया कि मृतक की पत्नी का अपने ही चचेरे देवर विकेश कुमार के साथ दो साल से प्रेम संबंध था। कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे दोनों मानने को तैयार नहीं हुए। पुलिस के अनुसार, मृतक ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को एक साथ देख लिया था, जिसके बाद उसने पत्नी की पिटाई कर दी थी। इसी के चलते दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई और तलवार से उसका गला काट दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को उसके घर से और प्रेमी को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया है।
पत्नी की पिटाई की थी
एसडीपीओ सदर राजेश कुमार ने इस वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि, शनिवार रात 11 बजे ध्रुव प्रसाद की हत्या की गई। जानकारी के अनुसार, रात में पति ने अपने कमरे में पत्नी के साथ आरोपित प्रेमी को सोते हुए पकड़ लिया, जिसके बाद पति ने अपनी पत्नी की पिटाई की। घटना के बाद आरोपी महिला और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की हत्या का षड्यंत्र रचा। उन दोनों ने तलवार से काटकर उसकी हत्या तब की जब वह सो रहा था।
इस नाते उठाया कदम
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने किरण देवी को उसके कमरे से गिरफ्तार कर लिया और महिला के प्रेमी विकेश को उसकी बहन के घर सीवान के नबीगंज से गिरफ्तार किया गया है। महिला ने अवैध संबंध की वजह से अपने रास्ते से पति को हटाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया था, ऐसा पुलिस ने बताया।
(इनपुट - आईएएनएस)
