नवादा की वारिसलीगंज पुलिस ने एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो एक फाइनेंस कंपनी के नाम पर लोन का झांसा देकर कई राज्यों के उपभोक्ताओं से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी कर रहा था। जानकारी के मुताबिक यह गिरफ्तारी शनिवार को वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बेलधा से मोसमा जाने वाली सड़क के पास की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय अजय कुमार के रूप में हुई है, जो काशी बिगहा गांव का निवासी है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान उसके पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल और छह पेज की कस्टमर डेटाशीट बरामद की। पुलिस के अनुसार अजय और उसके साथी कस्टमर डेटाशीट से मोबाइल नंबर निकालकर लोगों को फोन करते थे और लोन देने का झांसा देते थे। इसके बाद वे लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो, ईमेल आईडी और बैंक डिटेल मांगते थे।
बताया जा रहा है कि ठगी की प्रक्रिया में लोन मंजूरी होने का अप्रूवल लेटर भेजा जाता था, जिसके बाद लोन प्रोसेसिंग फीस और अन्य मदों के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए जाते थे। पुलिस ने आरोपित के पास से बरामद पांच सिम कार्डों की तकनीकी जांच की, जिसमें से एक सिम पश्चिम बंगाल का पाया गया। इस मामले में आठ साइबर अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सभी आरोपित वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं और इन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
