गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर GIDC स्थित कान्हा रेसिडेंसी में वैवाहिक विवाद के दौरान पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति टेक बहादुर भीम बहादुर चंद को अपनी पत्नी लक्ष्मी चंद के कथित अनैतिक संबंधों को लेकर शक था। इसी शक के चलते दोनों के बीच बार-बार विवाद होने की बात सामने आई है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 4 बजे से पहले कान्हा रेसिडेंसी के सिक्योरिटी रूम में आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया। हमले में लक्ष्मी की मौत हो गई।
'पति ने पत्नी के कथित अनैतिक संबंधों के शक में उन पर हमला किया'
शिकायतकर्ता ललित बहादुर शाही के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद वह जयाबेन मोदी अस्पताल पहुंचे, जहां लक्ष्मी मृत अवस्था में मिलीं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति ने पत्नी के कथित अनैतिक संबंधों के शक में उन पर हमला किया था। हालांकि, पुलिस के पास उपलब्ध जानकारी के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं है, जिसके साथ पत्नी के संबंध होने का आरोपी को शक था। मामले में इस पहलू की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी मर्डर केस: अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, पूर्व विधायक की बेटी की शिकायत पर हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई
कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया
अंकलेश्वर GIDC पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल पर वारदात का रि-कंस्ट्रक्शन भी कराया। अंकलेश्वर के डीवाईएसपी डॉ. कुशल ओझा के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और गुजरात पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस वारदात के पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
