शहर

Kal Ka Mausam: 10 राज्यों में भारी बारिश का खतरा, UP, उत्तराखंड और दिल्ली में भी बदलेगा मौसम, दिखेगा चक्रवात अर्णब का असर

Kal Ka Mausam 27 October 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा: चक्रवात अर्णब के असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश का खतरा है। यही नहीं, चक्रवात का असर मध्यप्रदेश में भी दिखेगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

Image

मंगलवार को कैसा रहेगा देशभर का मौसम, यहां जानें

Kal Ka Mausam 27 October 2026: चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ (Cyclone Arnab) के असर से देश के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी मंगलवार 27 से 29 अक्टूबर के बीच आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना, झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। दिल्ली-NCR में बुधवार 28 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में एक्टिव चक्रवाती तूफान के कारण हो रहा है। 26 अक्टूबर को जारी मौसम बुलेटिन के मुताबिक, तूफान आंध्र प्रदेश और यानम के तट की ओर बढ़ रहा है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह तट पार करने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा रहेगा।

UP में गुरुवार से बदलेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में गुरुवार 29 और शुक्रवार 30 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में 29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। 31 अक्टूबर को भी पूर्वी यूपी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 29 से 31 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक व तेज हवाएं चलने की आशंका है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बुधवार 28 से शनिवार 31 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार 29 और शुक्रवार 30 अक्टूबर को तेज झोंकों वाली हवाओं की भी संभावना है।

उत्तराखंड में गुरुवार से रविवार तक बारिश

उत्तराखंड में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है। 30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी 29 और 30 अक्टूबर को मौसम बदल सकता है।

नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में कल से बारिश के आसार

पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में मंगलवार 27 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बारिश की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इस दौरान छिटपुट बारिश व गरज-चमक की संभावना हो सकती है।

आंध्र और ओडिशा में बहुत भारी बारिश का खतरा

चक्रवात का सबसे ज्यादा असर पूर्वी तटीय राज्यों में देखने को मिल सकता है। तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में मंगलवार 27 और बुधवार 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। 29 अक्टूबर को भी कई इलाकों में भारी बारिश जारी रह सकती है।

ओडिशा में 27 और 28 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 29 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तटीय क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

छत्तीसगढ़, तेलंगाना और MP में भी अलर्ट

चक्रवात का असर तट से दूर मध्य भारत तक पहुंचने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में बुधवार 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश में गुरुवार 29 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि विदर्भ में 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

तेलंगाना के पूर्वी हिस्सों में 28 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश का खतरा है। राज्य में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। झारखंड और बिहार में 29 व 30 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। ऐसे में इन राज्यों में निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका पर नजर रखना जरूरी होगा।

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में भी बारिश

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज और कल गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। केरल और माहे में आज भारी बारिश का अनुमान है। कर्नाटक के कई हिस्सों में भी 28 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

चक्रवात और भारी बारिश के दौरान मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करना जरूरी है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समुद्र में जाने से बचना चाहिए और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, कमजोर ढांचों व बिजली के खंभों से दूर रहना चाहिए। जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें और यात्रा से पहले मौसम व यातायात की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।

ध्यान रहे कि बारिश की तीव्रता और समय जिले के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। इसलिए अपने क्षेत्र के लिए IMD की ताजा चेतावनी और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों पर नजर बनाए रखें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article