शहर

UP के 'बिना बहन वाले भाई' का बड़ा दिल! 184 लड़कियों के बने भाई, एक साथ कराई 101 गरीब बेटियों की शादी

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के कारोबारी विनय अग्रवाल अपनी बहन न होने के दर्द को समाजसेवा में बदल चुके हैं। वह अब तक 184 लड़कियों के भाई बन चुके हैं। रविवार को उन्होंने 101 निर्धन बेटियों की शादी कराई।

Image

184 बेटियों के भाई बन गए विनय अग्रवाल!

अपनी कोई बहन नहीं होने के दर्द को एक शख्स ने इस तरह समाजसेवा में बदला कि आज वह 184 लड़कियों का ’भाई’ बन चुका है।उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में कारोबारी विनय अग्रवाल अपने संसाधनों से हर साल निर्धन परिवारों की बेटियों की शादी कराते हैं। उनके इस अनूठे प्रयास में न जाति की दीवार आड़े आती है और न ही मजहब का फर्क।

अग्रवाल ने रविवार को खिरनी बाग में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 101 कन्याओं का विवाह कराया। इनमें 93 हिंदू और आठ मुस्लिम कन्याएं शामिल थीं। हिंदू बेटियों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ, जबकि मुस्लिम कन्याओं का निकाह काजियों ने पढ़वाया।समारोह में एक ओर वैदिक मंत्र गूंजे तो दूसरी ओर इस्लामी आयतों के साथ निकाह की रस्में पूरी हुईं।

'उनकी कोई सगी बहन नहीं है और उन्हें हमेशा बहनों की कमी खलती थी'

अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है और उन्हें हमेशा बहनों की कमी खलती थी और इसी भाव ने उन्हें जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में मदद करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह ’बिन बुलाए मेहमान’ की तरह शादियों में पहुंचकर सहयोग करते थे लेकिन बाद में उनकी मां सरोज अग्रवाल की सलाह पर उन्होंने सामूहिक विवाह का आयोजन शुरू किया। पहले 11, फिर 21 और 51 और अब 101 कन्याओं की शादी कराने तक पहुंचे इस सिलसिले को आगे और बड़ा करने का उनका इरादा है।

'विवाह से करीब दो महीने पहले गांवों में बैठक कर आवेदन मांगे जाते हैं'

अग्रवाल के मुताबिक, उनके दिवंगत पिता अशोक अग्रवाल का जन्मदिन रामनवमी के आसपास पड़ता है और इसी दौरान वह हर साल सामूहिक विवाह का आयोजन करते हैं। उन्होंने बताया कि विवाह से करीब दो महीने पहले गांवों में बैठक कर आवेदन मांगे जाते हैं और इस बार लगभग 200 आवेदन आए थे।अग्रवाल ने बताया कि इस बार भी जरूरतमंद परिवारों की पहचान के लिए तीन चरणों में जांच कराई गई और उसके बाद 101 कन्याओं का चयन किया गया।इस समारोह की खासियत सिर्फ विवाह की रस्में नहीं, बल्कि बेटियों के नए घर को बसाने की तैयारी भी थी।

सभी कन्याओं को ब्यूटी पार्लर में सजाया गया

स्थानीय लोगों के मुताबिक सभी कन्याओं को ब्यूटी पार्लर में सजाया गया और वर-वधुओं को 101 कारों में विवाह स्थल तक लाया गया। साथ ही शादी के बाद प्रत्येक जोड़े को टेलीविजन, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पलंग, अलमारी और दैनिक जरूरत का सामान उपहार में दिया गया ताकि नई गृहस्थी शुरू करने में उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

इस पूरे आयोजन में अग्रवाल की पत्नी श्वेता, भाई कुणाल, भाभी नेहा और मां सरोज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिवार के सदस्य विवाह की रस्मों से लेकर व्यवस्थाओं तक में जुटे रहे। स्थानीय लोगों के मुताबिक ऐसा लग रहा था मानो परिवार अपनी ही बेटियों का विवाह कर रहा हो।समारोह में शामिल मुस्कान (24) की कहानी इस आयोजन के मानवीय पक्ष को सामने लाती है। उसके भाई शाहिद ने बताया कि उनके पिता रिक्शा चलाते हैं और मां एक पान की दुकान चलाती हैं, लिहाजा परिवार के लिए दो वक्त के भोजन का इंतजाम करना भी मुश्किल होता है, ऐसे में बहन की शादी के लिए कर्ज लेना उनकी मजबूरी बन सकता था।

'हमारी बहन की शादी इस समारोह में बड़ी धूमधाम से हो रही है। यह अल्लाह का करम है'

शाहिद ने कहा, 'हमारी बहन की शादी इस समारोह में बड़ी धूमधाम से हो रही है। यह अल्लाह का करम है।'जमुका गांव की पूजा के लिए यह दिन एक और मायने में खास था। दोनों पैरों से दिव्यांग पूजा की शादी रामनिवास से तय हुई थी, जो खुद भी दिव्यांग है।पूजा ने बताया कि उसके और रामनिवास के पास न खेती है और न ही कमाई का कोई नियमित साधन। उसने बताया कि सीमित संसाधनों में गुजर-बसर करने वाले इस जोड़े के लिए विवाह और गृहस्थी की शुरुआत बड़ी चुनौती थी लेकिन सामूहिक विवाह समारोह में शादी संपन्न होने के बाद दोनों परिवार खुश हैं। अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन के लिए वह किसी से आर्थिक सहयोग नहीं लेते। उन्होंने बताया कि पहले कुछ लोगों ने मदद की पेशकश की थी लेकिन उन्होंने उनसे यह कहते हुए मना कर दिया कि वे लोग मदद करने के बजाय जरूरतमंद लड़कियों की शादी कराएं।शहर के चिकित्सक और समाजसेवी डॉक्टर सत्य प्रकाश मिश्रा ने कहा कि यह अहम बात है कि 101 बेटियों का विवाह पूरे पारिवारिक माहौल में और जरूरत का सामान देकर कराया गया। उन्होंने कहा कि समाज के अन्य लोगों को भी ऐसे प्रयास करने चाहिए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article