पटना

Bihar Bijli News: यहां लग रहे स्मार्ट रिचार्ज मीटर, बैलेंस खत्म होते ही अपने आप बंद हो जाएगी बिजली

बिहार में इन दिनों बिजली विभाग स्मार्ट मीटर लगा रहा है। स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को जहां बिल जमा करने के लिए बिजली दफ्तर में लाइन में लगने की झंझट से मुक्ति मिलेगी, वहींं विभाग को बिल जमा न करने वालों से छुटकारा मिल जाएगा।

Image

बिजली का स्मार्ट मीटर

Photo : Twitter

जहानाबाद : बिहार के कई जिलों में इन दिनों बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का काम चल रहा है। बिजली के नए स्मार्ट मीटर लगने से ग्रामीण उपभोक्ता भी अब मोबाइल फोन की तरह अपने स्मार्ट मीटर को रीचार्ज करवा पाएंगे। जहानाबाद के घोसी प्रखंड में इन दिनों विभागीय स्तर पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। यहां के निवासी अब स्मार्ट मीटर रिचार्ज करके अपनी मर्जी और जरूरत के अनुसार बिजली का उपयोग कर पाएंगे।

घोसी में स्मार्ट मीटर लगाने की शुरुआत शुक्रवार को हुई। बिजली विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि शुक्रवार को घोसी प्रखंड मुख्यालय के आसपास घरों और व्यवसायिक परिसरों में 40 स्मार्ट मीटर लगाए गए। उन्होंने बताया कि यहां हर दिन करीब 100 स्मार्ट मीटर लगाने लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

बिल भरने के झंझट से मुक्ति

स्मार्ट मीटर लगने का एक फायदा ग्रामीणों को यह भी होगा कि उन्हें बिल भरने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। उन्हें बिजली दफ्तर के बाहर घंटों लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब वह मोबाइल फोन की तरह अपने स्मार्ट मीटर को रिचार्ज कर पाएंगे। जब मीटर में बैलेंस कम होगा तो उसी के अनुसार अपना उपभोग भी कम कर सकते हैं।

बैलेंस खत्म, बिजली बंद

स्मार्ट मीटर लगने से बिजली विभाग को भी लाभ होगा। जैसे ही उपभोक्ता के स्मार्ट मीटर में बैलेंस खत्म हो जाएगा, वैसे ही उनकी बिजली भी बंद हो जाएगी। हालांकि, बैलेंस खत्म होने से तीन दिन पहले उपभोक्ता को मैसेज भेजा जाएगा, जिसमें उनका बैलेंस और जल्द स्मार्ट मीटर रिचार्ज करने का संदेश होगा। बिजली विभाग को भी मीटर रीडिंग लेने के लिए हर बार कर्मचारी को उपभोक्ता के घर पर भेजनी की जरूरत नहीं होगी।

बिल न भरने वालों पर लगाम

स्मार्ट मीटर लग जाने से बिजली इस्तेमाल करने के बाद बिल न भरने वालों पर भी लगाम लगेगी। कई दबंग टाइप लोगों से बिजली कंपनी को बकाया राशि वसूलने में दिक्कत होती थी। लेकिन अब रिचार्ज खत्म होने पर अपने आप बिजली कट जाएगी। बिजली विभाग उन सभी जगहों पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगा रहा है, जहां पोस्टपेड मीटर लगा हुआ है।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article