पटना

बिहार में मौसम का कहर! सीवान में बारिश और ओलावृष्टि में 7 लोगों की मौत, कई घर हुए तहस-नहस

बिहार के सीवान जिले में सोमवार को बड़हरिया, बसंतपुर, लकड़ी नबीगंज और गौरैया कोठी समेत कई हिस्सों में भारी बारिश हुई और ओले भी गिरे। जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। अप्रैल में बिहार के विभिन्न जिलों में आंधी-तूफान और वज्रपात में 90 लोगों से अधिक की मौत हुई है।

Image

बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट (AI Image)

बिहार के सीवान में मौसम कहर बरपा रहा है। जिले में भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा कई घर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कई पेड़ भी उखड़ गए हैं। अप्रैल में प्रदेश के विभिन्न जिलों में बिजली गिरने और आंधी-तूफान के कारण 90 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं नालंदा जिले में उस समय सबसे अधिक 23 लोग मारे गए थे।

डीएम ने मुआवजा देने का निर्देश दिया

आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) ने मंगलवार को एक बयान जारी कर बताया कि ‘‘सोमवार को सीवान जिले के बड़हरिया, बसंतपुर, लकड़ी नबीगंज तथा गौरैया कोठी समेत कई हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई।’’ डीएमडी ने जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को वर्तमान मानदंडों के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मुआवजा मिले।

बिहार में कल आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार में आंधी-बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को भी प्रदेशभर में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया में बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं उत्तर, दक्षिण-पूर्व हिस्सों और बक्सर, भोजपुर, पटना, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, नवादा और लखीसराय में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article