पटना : जिले में इन दिनों बेखौफ अपराधियों का राज पूरी तरह से कायम है। प्रशासन के अपराध पर लगाम लगाने के सभी दावे फ्लॉप साबित हो रहे हैं। अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देते दिख रहे हैं। ताजा मामला जिले से सटे रानीतालाब थाना क्षेत्र के धाना गांव का है, जहां घर के बाहर बगीचे में टहल रहे एक व्यक्ति को अज्ञात शख्श ने गोली मार कर हत्या कर दी।
बगीचे में टहल रहे थे रमाकांत
मृतक व्यक्ति की पहचान रामाकांत यादव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक रामाकांत यादव शाम को अपने घर के बाहर बगीचे में टहल रहे थे तभी कुछ अपराधी आए और उनपर फायरिंग कर दी, जिसमें गोली रामाकांत यादव के शरीर में लग गई और वे जमीन पर गिर गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल, घायल अवस्था में परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक रामाकांत यादव पिछले कई सालों से बालू के कारोबार से जुड़े हुए हैं। हालांकि, हत्या के पीछे कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर घटना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के भतीजे सह मुखिया राहुल कुमार का कहना है कि 15 साल पूर्व भी मेरे पिताजी उमाकांत यादव की भी गोली मार का हत्या कर दी गई थी।
