पटना

Bihar Election 2025: सासाराम में नामांकन के बाद RJD प्रत्याशी सत्येंद्र साह गिरफ्तार, 2004 का है मामला

आज सत्येंद्र शाह सासाराम अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे, तभी रोहतास पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Image

पुराने मामले में पुलिस ने किया गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Rohtas: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सासाराम से एक बड़ी खबर सामने आई है। आरजेडी प्रत्याशी सत्येंद्र साह को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही उन्होंने सासाराम अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन पत्र जमा किया, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और उनके समर्थकों में हड़कंप का माहौल बन गया।

पुराने मामले में हुई गिरफ्तारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सत्येंद्र साह की गिरफ्तारी झारखंड के एक पुराने आपराधिक मामले में की गई है। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ 2004 के एक केस में गिरफ्तारी वारंट जारी था। पुलिस ने नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही कार्रवाई करते हुए उन्हें अपने साथ थाने ले गई।

press release

पुलिस की प्रेस रिलीज।(फोटो सोर्स: बिहार पुलिस)

मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती

घटना के दौरान एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। सत्येंद्र साह की गिरफ्तारी के बाद राजद समर्थक नाराज नजर आए और इसे राजनीतिक साजिश करार दिया।

21 साल पुराने मामले में गिरफ्तारी

सासाराम विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी सत्येंद्र शाह की गिरफ्तारी ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया है। शाह को एक 21 साल पुराने मामले में कोर्ट द्वारा जारी स्थायी वारंट के आधार पर करगहर थाने की पुलिस ने हिरासत में लिया। यह मामला वर्ष 2004 में झारखंड के गढ़वा थाने में दर्ज हुआ था, जिसमें गढ़वा न्यायालय ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था।

समर्थकों में नाराजगी

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही राजद समर्थकों में जबरदस्त नाराजगी देखी गई। नामांकन के लिए पहुंचे महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने अनुमंडल कार्यालय के बाहर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सत्येंद्र शाह की जीत का दावा किया। भारी भीड़ और विरोध प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए पुरानी जीटी रोड पर यातायात बाधित हो गया और अफरातफरी का माहौल बन गया

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article