पटना

PM Modi कल बिहार की महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की सौगात देंगे, खाते में आएंगे 10 हजार रुपये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शुक्रवार 26 सितंबर को बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना लॉन्च करेंगे। इस योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार व आजीविका के अवसर प्रदान करने के लिए बनाई गई है।

Image

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की सौगात देंगे पीएम मोदी (फोटो - PTI)

Photo : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शुक्रवार 26 सितंबर को सुबह 11 बजे बिहार में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' का शुभारंभ करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस योजना के तहत प्रधानमंत्री सीधे 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्येक को 10,000 रुपये का राशि ट्रांस्फर करेंगे, जिसका कुल मूल्य 7,500 करोड़ रुपये होगा। बता दें कि बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने तय हैं। ऐसे में राज्य और केंद्र सरकार की तरफ से बिहार के लिए कई योजनाओं की घोषणा और कई परियोजनाओं का उद्घाटन हो रहा है।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, स्वरोजगार व आजीविका के अवसरों के माध्यम से सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। योजना सार्वभौमिक है, जिसका मतलब है कि राज्य में प्रत्येक परिवार की एक महिला को यह वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इससे महिलाएं अपनी पसंद के रोजगार या आजीविका गतिविधियों की शुरुआत कर सकें।

योजना के तहत प्रारंभिक अनुदान के रूप में प्रत्येक महिला को 10,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद योजना के अगले चरणों में अतिरिक्त वित्तीय सहायता के रूप में 2 लाख रुपये तक का समर्थन भी प्रदान किया जा सकता है।

यह योजना समुदाय-आधारित होगी। सिर्फ वित्तीय सहायता ही नहीं, बल्कि स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के जरिए महिलाओं को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे अपनी गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित कर सकें। इसके अलावा, उनके उत्पादों की बिक्री के लिए राज्य में ग्रामीण हाट-बाजारों को भी विकसित किया जाएगा। इससे महिलाओं को स्थानीय बाजार में अपने उत्पाद बेचने का बेहतर अवसर मिलेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article