Patna Metro: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटनावासियों को मेट्रो की सौगात मिल सकती है। इसके लिए जोरो शोरों से तैयारी चल रही है। पहले चरण में 6.2 किमी लंबे कॉरिडोर पर मेट्रो का संचालन शुरू होगा। तय समय पर काम पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसियां दिन-रात दो शिफ्टों में कार्य कर रही हैं। इस दौरान सभी सुरक्षा मानकों का भी सख्ती से पालन किया जा रहा है। पटना में मेट्रो सेवा शुरू होने से यातायात आसान होगा और ट्रैफिक की समस्याएं भी कम होंगी। साथ ही इस परियोजना से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।
पटना में इन स्टेशनों के बीच दौड़ेगी मेट्रो
पटना मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर में मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो चुका है। इस 6.2 किलोमीटर लंबे रूट पर पांच स्टेशन बनाए जा रहे हैं। ये मेट्रो स्टेशन मलाही पकड़ी, खेमनीचक, भूतनाथ, जीरोमाइल और न्यू आईएसबीटी हैं। शुरूआत में खेमचीनक को छोड़कर बाकी चार स्टेशनों पर मेट्रो का संचालन किया जाएगा। 15 अगस्त को इस कॉरिडोर पर मेट्रो के परिचालन का लक्ष्य तय किया गया है।
पटना मेट्रो का काम कितना पूरा हुआ?
निर्माण एजेंसियां सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए काम कर रही हैं। मेट्रो स्टेशनों पर स्वचालित टिकट मशीन, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और सीढ़ियों का काम भी अंतिम चरण में है। मेट्रो डिपो में कंट्रोल रूम, बिजली स्टेशन, वर्कशॉप और ट्रैक यूनिट का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। पटना में तीन कोच की एक मेट्रो रैक भी पूणे से आ चुकी है। इब इसके ट्रायल रन की तैयारी की जा रही है। अगर सब कुछ तय समय पर पूरा हो गया, तो आगामी 15 अगस्त को पटना में पहली मेट्रो रफ्तार भरेगी।
