Patna News: लगता है पटना पुलिस का खौफ अपराधियों में खत्म हो गया है। अपराधी दिनदहाड़े लूट को अंजाम दे रहे हैं। गुरुवार की सुबह बिहटा के कन्हौली बाजार में दुकान खोल रहे व्यापारी जितेंद्र गुप्ता से एक करोड़ रुपए का सोना और दो लाख रुपए लूटे गए हैं। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर लूटपाट की। इधर, लूट की घटना से लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया।
पीड़ित व्यापारी जितेंद्र गुप्ता के मुताबिक सुबह 9:30 बजे वह दुकान खोल रहे थे। यहां दो अपराधी घात लगाकर बैठे थे। मौका मिलते ही दोनों पास आए और पिस्टल सटा दिया। मेरे द्वारा विरोध जताने पर हत्या की धमकी दी। इसके बाद सोने से भरा थैला छीन लिया। इस दौरान लोगों की भीड़ भी इकट्ठा हुई, लेकिन अपराधियों के हाथ में हथियार देखकर किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई। नतीजन, अपराधी फायरिंग करते हुए बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
