मधुबनी : बिहार में मौसम की चाल बदली चुकी है। गुरुवार की दोपहर अचानक मौसम में बदलाव के साथ बारिश शुरू हो गई। पटना में तेज हवाओं के झोंके के साथ तेज बारिश से मौसम सुहावना होगा। आईएमडी ने राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसी दौरान मधुबनी में भी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन शिवलिंग पूरी तरह सुरक्षित है। घटना अंधराठाढ़ी प्रखण्ड के ठाढ़ी गांव के ऐतिहासिक वाचस्पति नाथ महादेव मंदिर की है। लोग इसे भगवान शिव का चमत्कार मान रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, ठाढ़ी गांव के बेल्हा महार स्थित वाचस्पति नाथ महादेव मंदिर काफी प्राचीन और सिद्ध स्थल माना जाता है।
तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी
ग्रामीणों ने बताया कि शिव मंदिर के पास तेज प्रकाश दिखाई दिया, उस समय तेज बारिश हो रही थी। जब लोग वहां पहुंचे तो देखा कि बिजली गिरने से मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया है। मंदिर पर बिजली गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोग इसे महादेव का चमत्कार मान रहे हैं कि बीच मंदिर पर बिजली गिरने के बाद भी मंदिर को थोड़ा नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने बताया ये ऐतिहासिक और काफी प्राचीन मंदिर है जिसे हाल ही में जीर्णोद्धार कराया गया था। गनीमत रही कि वज्रपात होने के समय मंदिर में पुजारी या कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था।
इन जिलों में कुदरत का कहर
बिहार में बुधवार से बेमौसम बारिश के बीच कुदरत का कहर जारी है। बुधवार को बेगूसराय में पांच, दरभंगा में चार, मधुबनी में तीन और समस्तीपुर में एक व्यक्ति की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
