पटना

लालू की 'हैलोवीन' वाली तस्वीरों से मचा सियासी बवाल, BJP बोली- कुंभ को फालतू बताकर अंग्रेजों का त्योहार मना रहे

बिहार चुनाव के ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पोते पोतियों के साथ की तस्वीर ने राजनीतिक माहौल में गर्मी ला दी है। दरअसल लालू हैलोवीन मनाते हुए अपने पोते-पोतियों के साथ नजर आए, जिसकी तस्वीरें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। इस पोस्ट के बाद बीजेपी ने इसे चुनावी मुद्दा बना लिया और लालू पर धार्मिक भावनाओं के अपमान का आरोप लगाया।

Lalu prasad yadav halloween kumbh news

लालू की तस्वीरों से गरमाया सियासी माहौल (फाइल फोटो | PTI)

Lalu Yadav Halloween Row: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक नई वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें वे अपने पोते-पोतियों के साथ हैलोवीन मनाते नजर आ रहे हैं। यह पोस्ट उनकी बेटी और आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने शेयर की। उन्होंने ‘हैप्पी हैलोवीन टू एवरीवन’ लिखकर यह तस्वीरें एक्स पर डालीं। इस पोस्ट के कुछ ही घंटे बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे चुनावी मुद्दा बना दिया और लालू यादव पर सीधे निशाना साध दिया।

lalu halloween kumbh
हैलोवीन कॉस्ट्यूम पहने पोते-पोतियों के साथ लालू (चित्र साभार : रोहिणी आचार्य/X)

कुंभ को बताया था फालतू

महाकुंभ को लेकर लालू यादव ने इसी साल फरवरी में एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कुंभ मेले को बेकार बताया था। उस समय भी बीजेपी ने इसे हिंदू धार्मिक भावनाओं का अपमान करार दिया था। BJP किसान मोर्चा ने इसे लेकर कहा कि बिहार के लोग भूलें नहीं कि लालू यादव ने कुछ महीने पहले महाकुंभ पर तंज कसा था और अब विदेशी त्योहार हैलोवीन का आनंद ले रहे हैं। पार्टी का कहना है कि यह उनका दोहरा रवैया दिखाता है। BJP किसान मोर्चा ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया और लिखा कि "भूलना मत बिहार वासियों, यही लालू यादव है, जिसने आस्था और अध्यात्म के महाकुंभ को फालतू बताया था और अंग्रेजों का त्योहार Halloween मना रहा है। जो आस्था पर करेगा चोट, बिहार वासी नहीं करेंगे उसको वोट।"

चुनावी माहौल में नया विवाद

बिहार विधानसभा चुनाव बेहद नजदीक हैं, पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। मतगणना 14 नवंबर को होगी। ऐसे समय में यह तस्वीरें और उस पर शुरू हुई प्रतिक्रियाओं ने सियासत को और गर्म कर दिया है और इस बात को तो सभी जानते हैं कि सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट अक्सर चुनाव से पहले माहौल और ध्रुवीकरण प्रभावित करते हैं।

लेटेस्ट न्यूज

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari Author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article