Samastipur Murder: बिहार में समस्तीपुर के उजियारपुर में एक मुखिया की कुछ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मुखिया का शव सातनपुर मस्जिद के पास पानी की टंकी के पास मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मृतक की पहचान करिहरा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी के रूप में की है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। बता दें कि मृतक मनोरंजन गिरी बिक्रिम गिरी मर्डर केस का आरोपी था।
हत्या के आरोपी मुखिया को बदमाशों ने मारी गोली
पुलिस के अनुसार, यह वारदात गुरुवार देर रात करीब 8 या सवा 8 बजे की है। पानी की टंकी के पास एक व्यक्ति के शव के होने की सूचना मिलने पर दलसिंहसराय के एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा उजियारपुर थानाध्यक्ष अजित कुमार और एसपी अरविंद प्रताप सिंह पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर उन्हें चार खोखे मिले हैं और एक हेलमेट मिला है।
मृतक का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि आरोपी 21 अगस्त को करिहारा पंचायत के माधोडीह निवासी बिक्रम गिरी हत्याकांड मामले में नामजद आरोपी है। साथ ही मनोरंजन गिरी उजियारपुर थाने में सातनपुर निवासी की हत्या का मामला दर्ज था। जानकारी के अनुसार, आपराधिक दुनिया में मनोरंजन का नाम 2012 में तब चर्चा में आया जब उसने पूर्व जिप सदस्य वीरेंद्र झा उर्फ फन्नू झा की हत्या की थी। फिर देखते ही देखते अपराध की दुनिया में यह नाम तेजी के साथ बढ़ने लगा। इस हत्याकांड में जेल से छूटने के बाद 2016 में पंचायत चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उसके बाद से वह प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे। अब गुरुवार को कुछ बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी।
मनोरंजन गिरी की हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। पुलिस गंभीरता से इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उनके पास कुछ लोगों के नाम हैं। वह जल्द से जल्द जांच करेंगे और इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
