पटना

गोपाल खेमका हत्याकांड : प्रॉपर्टी विवाद में मर्डर की आशंका, कौन है अशोक साव; शूटर को किसने दी थी सुपारी?

Gopal Khemka Murder Case: पटना के बिजनेसमैन गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस ने कुछ अहम पहलू सामने आए हैं। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, बिल्डर अशोक साव ने ही हत्या की साजिश रची थी और शूटर उमेश यादव को सुपारी दी थी।

Image

गोपाल खेमका हत्याकांंड (फाइल फोटो) क्रेडिट टाइम्स नाउ नवभारत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

पटना : उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या के मामले का एक प्रमुख संदिग्ध पटना के दमरिया घाट इलाके में सोमवार देर रात को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि खेमका हत्याकांड में पुलिस ने शूटर उमेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, शूटर उमेश यादव के पास से हथियार और 59 गोलियां बरामद हुई हैं। शूटर ने पूछताछ के बाद बिल्डर अशोक साव के नाम का जिक्र किया है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, बिल्डर अशोक साव ने ही हत्या की साजिश रची थी और शूटर उमेश यादव को सुपारी दी थी। हत्याकांड को अंजाम देने के लिए 4 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी, जिसके लिए पहले ही शूटर को 50 हजार रुपये दिए गए थे।

कौन है अशोक साव?

अशोक साव वो शख्स है, जो गोपाल खेमका की दिनचर्या को ट्रेस कर रहा था। पुलिस को साव के घर से पिस्टल और बड़ी संख्या में जमीन के कागजात मिले हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि जमीन के कारोबार से संबंधित विवाद के कारण ही खेमका की हत्या हुई है। इस पूरे मामले में कुछ और भी कारोबारी शामिल हो सकते हैं, जिनका इंट्रेस्ट इस जमीन के मामले में हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोपाल खेमका के साथ अशोक साव के व्यापारिक संबंध थे। दोनों तीन प्रोजेक्ट पर साथ मिलकर काम कर रहे थे, लेकिन किसी वजह से गोपाल खेमका इन प्रोजेक्ट से अलग हो गए थे।

हत्या के कई और कारण आए सामने

पुलिस ने अशोक साव की किसी से बातचीत की मोबाइल रिकॉर्डिंग भी सुनाई, जिसमें दोनों के बीच जमीन को लेकर बहस और गाली गलौज हो रही है। अशोक का मनोज कमलिया हत्या मामले में नाम आया था, जिसके आरोप में वह जेल भी जा चुका है। पुलिस ने ये भी बताया कि शूटर उमेश यादव की बच्ची की स्कूल फीस भी लंबे समय से बकाया थी। लिहाजा, उसे पैसे की शख्त जरूरत थी। हत्या से पहले पहले मिले रुपयों में से उमेश ने 45 हजार स्कूल में जमा कराए थे।

क्या बोले डीजीपी?

बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि 15 जुलाई 2025 को गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका हत्याकांड की सुनवाई होनी है। पुलिस इस पहलू को भी हत्याकांड से जोड़कर देख रही हैं। हालांकि, इस मामले के मुख्य शूटर मस्तु की हत्या की जा चुकी है। डीजीपी ने कहा कि राजा के एनकाउंटर की जांच कराई जा रही है।

स मामले को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने सोमवार को कहा कि हर संभावित एंगल से हत्याकांड की जांच जारी है और पुलिस केस क्रैक करने के बेहद नजदीक पहुंच चुकी है। एक-दो दिनों में पूरे मामले से पर्दा उठ जाएगा। उन्होंने कहा था कि पटना के बांकीपुर क्लब का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है, लेकिन वहां सीसीटीवी का बैकअप उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार (4 जुलाई) देर रात पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में स्थित रामगुलाम चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने कारोबारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी को इस मामले में जल्द से जल्द ठोस नतीजे तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है। पुलिस की तमाम खुफिया इकाइयों को भी इस केस में एक्टिव कर दिया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article