आपने बॉलीवुड में कई फिल्में देखी होंगी, जिनमें जुड़वा भाई-बहनों की कहानी पिरोई गई है। इसमें सीता और गीता, राम और श्याम के अलावा सलमान खान की फिल्म जु़ड़वां का भी नाम लिया जा सकता है। यह तो फिल्मों की बात है। लेकिन बिहार में एक-दो नहीं बल्कि 1000 जुड़वा भाई-बहनों का जमावड़ा लगने वाला है। इसके लिए बकायदा रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
दुनिया में एक जैसे दिखने वाले कई लोग होते हैं, लेकिन जुड़वा भाई-बहन जैसी समानता उनमें नहीं होती। क्योंकि जुड़वा भाई-बहनें न सिर्फ एक साथ जन्म लेते हैं, बल्कि उनकी हरकतें भी काफी हद तक एक जैसी होती हैं। बिहार के गया में छोटे और बड़े नाम के दो जुड़वा भाई एक साथ काम करते हैं।
इन्हीं दो भाईयों ने बिहार और देशभर से सभी जुड़वा लोगों के लिए एक बड़े समागम का आयोजन करने का निर्णय लिया है। दरअसल इन दोनों भाईयों का असली नाम छोटे - संतोष कुमार और बड़े का आशुतोष कुमार है। इस आयोजन के पीछे इन दोनों भाईयों का मकसद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराना है।
इन दोनों जुड़वा भाई, जुड़वा भाई-बहनों के लिए एक समाज बनाना रहे हैं। इस समागम का आयोजन आगामी 10 मई को किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि पहली बार आयोजित हो रहे इस समागम में 1000 जुड़वा शामिल होंगे। इसमें शामिल होने के लिए अब तक 100 से ज्यादा जुड़वा संपर्क भी कर चुके हैं।
