आपने आमिर खान की फिल्म 3 Idiots जरूर देखी होगी। फिल्म के एक सीन में वह जुगाड़ से वीडियो कॉल पर डॉक्टर बनी करीना कपूर से निर्देश लेकर मोना की डिलीवरी कराते हैं। यह फिल्मी सीन था और हीरो ने किया तो सफल भी रहा। बिहार के रोहतास में इसी तरह एक डॉक्टर ने असल जिंदगी का रेंचो बनने की कोशिश की और बेचारी महिला की मौत हो गई।
फर्जी डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की जान चली गई। मृतक महिला, संगीता देवी, को प्रसव पीड़ा के कारण उनके परिजनों ने पीएमसी काराकाट में भर्ती कराया था। उनकी स्थिति गंभीर थी, जिसे देखते हुए पीएमसी के डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस बीच एक आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिला के परिजनों को गुमराह कर एक निजी क्लिनिक में ले गई।
इस निजी क्लीनिक में फर्जी डॉक्टर राजदेव ने वीडियो कॉल के जरिए किसी अन्य डॉक्टर से सलाह लेते हुए ऑपरेशन शुरू कर दिया। इस ऑपरेशन के दौरान संगीता की हालत बिगड़ गई। वीडियो कॉल पर मौजूद डॉक्टर ने परिजनों से महिला को तुरंत किसी अन्य अस्पताल में भर्ती कराने के लिए कहा। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और संगीता नाम की वह गर्भवती महिला असमय काल के गाल में समा गई।
इस घटना के बाद, फर्जी डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारी मौके से फरार हो गए। संगीता के परिजनों ने निजी क्लीनिक के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला की मौत हो गई, लेकिन उसका बच्चा बच गया। सिविल सर्जन के निर्देश पर फर्जी क्लीनिक को सील कर दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
