पटना

Bridge Collapse: बिहार में पुल ढहने पर एक्शन में सरकार, दो अधिकारियों को किया सस्पेंड

बिहार के अररिया में बकरा नदी पर पुल ढहने के बाद सरकार एक्शन में नजर आ रही है। इस मामले में दो अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही इसकी जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है।

Image

बकरा नदी पर बना पुल गिरा।

Photo : Twitter

Bridge Collapse: बिहार के अररिया जिले में बकरा नदी पर नवनिर्मित पुल का एक हिस्सा मंगलवार को ढ़ह जाने पर कार्यपालक अभिंयता और कनीय अभियंता को निलंबित कर दिया गया। ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने बुधवार को कहा कि अभी वह पुल निर्माण की प्रक्रिया में ही था। पुल का गिरना एक गंभीर अपराध है। वहां कार्यरत कार्यपालक अभियंता और कनीय अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है।

जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई

मंत्री ने कहा कि कुछ अधिकारियों और ठेकेदारों के निहित स्वार्थ के कारण अगर इस तरह से पुल गिरेगा तो सरकारी धन का दुरुपयोग और क्षति होगी। मंत्री ने कहा कि ऐसा जिस किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही वजह से हुआ हो, उन सभी के खिलाफ सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

उद्घाटन से पहले ही ढहा पुल

बता दें कि ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) द्वारा 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल को लोगों के लिए अभी नहीं खोला गया था। आरडब्ल्यूडी के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया था कि पुल का ढहना एक गंभीर मामला है और शुरू से ही इस परियोजना से जुड़े विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।

दीपक कुमार सिंह ने कहा था कि आरडब्ल्यूडी ने मुख्य अभियंता (पूर्णिया) की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है जो पुल ढहने के कारणों का पता लगाएगी और आवश्यक उपाय सुझाएगी। समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

कुर्सा कांटा और सिकटी को जोड़ता था यह पुल

बता दें कि यह पुल अररिया जिले के कुर्सा कांटा और सिकटी इलाकों को जोड़ता है। बिहार के सुपौल जिले में मार्च में कोसी नदी पर एक निर्माणाधीन पुल ढह गया था। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 10 अन्य घायल हो गए थे।

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article