Nalanda Murder: नालंदा जिले के दीपनगर थाना अंतर्गत डुमरावां गांव में रविवार को दो गुटों के झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच झड़प हुई और देखते ही देखते मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। इस हमले में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
दो बच्चों को लगी गोली
मृतकों की पहचान अनु और हिमांशु के रूप में हुई है। चश्मदीदों के अनुसार पहले बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बड़े लोग भी आपस में भिड़ गए। गोलीबारी की घटना हुई जिसमें अनु और हिमांशु नाम के दो बच्चों को गोली लग गई। आनन-फानन में उन्हें बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
7 लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचीं। फिलहाल नौलेश और आदेश समेत सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पांच से छह अन्य आरोपियों की तलाश के लिए गांव में लगातार छापेमारी की जा रही है और इलाके में पुलिस कैंप भी स्थापित किया गया है।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा
घटना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर हंगामा किया और कुछ देर के लिए गेट को जाम कर दिया। लोगों की मांग है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, हालांकि पुलिस स्थिति को नियंत्रण में बताकर जांच में जुटी है।
